EPFO ला रहा SWP प्लान! रिटायरमेंट के बाद हर महीने खाते में आएगा PF का पैसा
punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 12:33 PM (IST)
नई दिल्लीः नौकरी करने वाले करोड़ों कर्मचारियों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। रिटायरमेंट के बाद PF का पूरा पैसा एक साथ निकालने के बजाय अब धीरे-धीरे निकालने की सुविधा मिल सकती है। EPFO इसके लिए सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) लाने पर विचार कर रहा है। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो कर्मचारियों का पैसा रिटायरमेंट के बाद भी PF खाते में निवेशित रह सकेगा और उस पर ब्याज मिलता रहेगा। इससे रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को नियमित आय का विकल्प मिल सकता है।
क्या है EPFO की नई प्लानिंग?
एक रिपोर्ट के मुताबिक, EPFO अपने सब्सक्राइबर्स को रिटायरमेंट फंड से पैसा निकालने के लिए ज्यादा विकल्प देने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत SWP की सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव है। इस व्यवस्था में कर्मचारी अपनी जरूरत के अनुसार PF खाते से किस्तों में पैसा निकाल सकेंगे। हालांकि, अभी इस योजना की पूरी रूपरेखा और नियम तय नहीं हुए हैं।
मौजूदा नियमों के मुताबिक, 55 साल या उससे अधिक उम्र में रिटायर होने वाले कर्मचारी अपने EPF बैलेंस का 100 फीसदी हिस्सा एकमुश्त निकाल सकते हैं। वहीं, अगर कोई कर्मचारी 55 साल से पहले नौकरी छोड़ता है, तो वह फॉर्म 31 के जरिए अपने PF बैलेंस का 75 फीसदी तक निकाल सकता है। बाकी 25 फीसदी राशि लगातार 12 महीने बेरोजगार रहने के बाद फाइनल सेटलमेंट के रूप में निकाली जा सकती है। EPS के तहत पूरी मासिक पेंशन पाने की पात्रता सामान्य तौर पर 58 साल की उम्र से शुरू होती है।
आज होगी EPFO की अहम बैठक
इस प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 19 नवंबर को EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की बैठक होने वाली है। CBT संगठन की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था है। इसमें सरकार, नियोक्ताओं और कर्मचारियों के प्रतिनिधि शामिल होते हैं। बैठक में सब्सक्राइबर्स को PF का पैसा निकालने के लिए अतिरिक्त विकल्प देने पर विचार किया जा सकता है।
न्यूनतम पेंशन 1,000 से बढ़कर 3,000 रुपए होने की उम्मीद
इस बैठक में कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के तहत न्यूनतम मासिक पेंशन को 1,000 रुपए से बढ़ाकर 3,000 रुपए करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हो सकती है। फिलहाल पात्र पेंशनर्स को न्यूनतम 1,000 रुपए मासिक पेंशन मिलती है।
