EPFO ने जारी किया जरूरी अपडेट, 15 नवंबर तक निपटा लें PF का ये काम, देना पड़ सकता है जुर्माना
punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 10:52 AM (IST)
नई दिल्लीः प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करने वाले कर्मचारियों और उनके नियोक्ताओं के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने जरूरी अपडेट जारी किया है। संगठन ने कंपनियों को अक्टूबर 2026 का पीएफ योगदान जमा करने के लिए 15 नवंबर 2026 तक का समय दिया है। इस अवधि में नियोक्ताओं को इलेक्ट्रॉनिक चालान-कम-रिटर्न (ECR) भी दाखिल करना होगा। EPFO ने 12 नवंबर को अपने आधिकारिक X अकाउंट के जरिए इस संबंध में जानकारी दी है।
इस निर्देश का उद्देश्य कर्मचारियों के पीएफ खाते में उनका योगदान समय पर पहुंचाना और कंपनियों को निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसलिए सभी कंपनियों को तय समय सीमा के भीतर पीएफ से जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
समय पर PF जमा नहीं किया तो बढ़ सकती है परेशानी
EPFO के नियमों के मुताबिक, निर्धारित समय के बाद पीएफ जमा करने पर नियोक्ताओं को बकाया रकम पर ब्याज और डैमेज (जुर्माना) देना पड़ सकता है। ऐसे में कंपनियों के लिए जरूरी है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर लें।
समय पर पीएफ जमा होने से कर्मचारियों के खाते में योगदान सही समय पर पहुंचता है। वहीं, कंपनियां अतिरिक्त शुल्क और कानूनी कार्रवाई से जुड़ी परेशानियों से भी बच सकती हैं।
आखिरी तारीख से पहले पूरा करें ECR का काम
नियोक्ताओं को सलाह दी जाती है कि वे 15 नवंबर से पहले ही ECR दाखिल कर दें और पीएफ का भुगतान भी पूरा कर लें। आखिरी समय में पोर्टल पर तकनीकी समस्या आने या कर्मचारियों के रिकॉर्ड में गड़बड़ी होने से प्रक्रिया अटक सकती है।
पहले से तैयारी करने पर कंपनियों को कर्मचारियों की सैलरी, नाम और अन्य जानकारियों में सुधार करने के लिए पर्याप्त समय मिल जाता है।
क्या है ECR और क्यों है जरूरी?
ECR यानी इलेक्ट्रॉनिक चालान-कम-रिटर्न एक मासिक डिजिटल रिपोर्ट है। इसके माध्यम से कंपनियां EPFO को कर्मचारियों की सैलरी और पीएफ में जमा होने वाले योगदान का विवरण देती हैं।
ECR जमा करने से पहले कर्मचारियों का नाम, व्यक्तिगत जानकारी, वेतन और पीएफ योगदान की रकम की जांच करना जरूरी है। खास बात यह है कि केवल ECR दाखिल करने से पीएफ जमा नहीं होता। इसके लिए चालान के माध्यम से निर्धारित रकम का भुगतान करना भी अनिवार्य है। इसलिए कंपनियों को दोनों प्रक्रियाएं समय पर पूरी करनी होंगी।
