एलन मस्क ने फिर बेचे टेस्ला के शेयर, एक दिन में गंवाए 1,20,959 करोड़ रुपए

Friday, Dec 10, 2021 - 02:19 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः टेस्ला के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर एलन मस्क की नेटवर्थ में गुरुवार को 16 अरब डॉलर यानी करीब 1,20,959 करोड़ रुपए की गिरावट आई। इसकी वजह रही टेस्ला के शेयरों में गिरावट। दुनिया की सबसे मूल्यवान ऑटो कंपनी टेस्ला के शेयरों में गुरुवार को 6.1 फीसदी की गिरावट आई। Bloomberg Billionaires Index के मुताबिक मस्क की नेटवर्थ अब 266 अरब डॉलर रह गई है। इस साल उनकी नेटवर्थ में 110 अरब डॉलर की तेजी आई है।

मस्क टेस्ला में लगातार अपनी हिस्सेदारी कम कर रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने कंपनी के 934,091 शेयर 96.3 करोड़ डॉलर में बेच दिए। 10 फीसदी हिस्सेदारी बेचने का टारगेट पाने के लिए उन्हें अभी और 60 लाख शेयर बेचने होंगे। उन्होंने 4 नवंबर को कंपनी के शेयरों को बेचने की शुरुआत की थी और तबसे कंपनी के शेयर में 18 फीसदी गिरावट आ चुकी है। मस्क ने कंपनी में अपने शेयरों को बेचने के लिए ट्विटर पर अपने फॉलोअर्स से राय मांगी थी। तबसे वह 1.1 करोड़ शेयर बेच चुके हैं।

मुकेश अंबानी 12वें नंबर पर
इस बीच एशिया और भारत के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में गुरुवार को 1.17 अरब डॉलर की तेजी आई। Bloomberg Billionaires Index के मुताबिक उनकी नेटवर्थ अब 91.9 अरब डॉलर पहुंच गई है। वह दुनिया के अमीरों की सूची में 12वें स्थान पर बने हुए हैं। देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन की नेटवर्थ इस साल 15.2 अरब डॉलर बढ़ी है।

गौतम अडानी की नेटवर्थ बढ़ी
अडानी ग्रुप (Adani Group) के चेयरमैन गौतम अडानी की नेटवर्थ में गुरुवार को 33.9 करोड़ डॉलर की तेजी आई। वह 78.5 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की सूची में 13वें नंबर पर हैं। इस साल अडानी की नेटवर्थ 44.7 अरब डॉलर बढ़ी हैं। वह अंबानी के बाद भारत और एशिया के दूसरे सबसे बड़े रईस हैं।
 

jyoti choudhary

Advertising