फरवरी में इलेक्ट्रिक यात्री वाहन पंजीकरण में सालाना आधार पर 44% की वृद्धि: फाडा
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 04:10 PM (IST)
नई दिल्लीः इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री में फरवरी में सालाना आधार पर 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वाहन डीलर संघों के महासंघ (फाडा) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। फरवरी, 2026 में ईवी की कुल बिक्री बढ़कर 13,733 इकाई हो गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 9,505 इकाई थी। इस क्षेत्र में टाटा मोटर्स सबसे आगे रही। कुल वाहनों के पंजीकरण में कंपनी का हिस्सा 38.5 प्रतिशत रहा। इस दौरान कंपनी की बिक्री बढ़कर 5,568 इकाई पर पहुंच गई। पिछले साल फरवरी में यह आंकड़ा 4,020 इकाई था।
जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने फरवरी में 3,312 वाहन बेचे, जबकि पिछले साल इसी महीने 3,490 इकाई बिकी थीं। यानी इसमें लगभग पांच प्रतिशत की गिरावट आई। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने पिछले महीने 2,913 इकाइयां बेचीं, जबकि फरवरी, 2025 में कंपनी ने 508 वाहन बेचे थे। इसके बाद क्रमश: 384 और 306 इकाइयों के पंजीकरण के साथ विनफास्ट ऑटो और बीवाईडी इंडिया का स्थान रहा।
दोपहिया वाहन क्षेत्र में, कुल बिक्री 46 प्रतिशत बढ़कर 1,11,709 इकाई हो गई, जबकि फरवरी, 2025 में यह 76,722 इकाई थी। फरवरी में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री में सबसे आगे टीवीएस मोटर कंपनी रही। कंपनी ने 31,614 वाहन बेचे, जबकि पिछले साल इसी महीने 18,955 वाहन बिके थे, यानी बिक्री में 67 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। बजाज ऑटो ने 25,328 वाहन बेचे, और एथर एनर्जी की बिक्री 20,584 वाहन रही।
इसके बाद हीरो मोटोकॉर्प और ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने क्रमशः 12,514 और 4,724 वाहन बेचे। वहीं ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की बिक्री में गिरावट आई। कंपनी ने फरवरी में 3,968 वाहन बेचे, जबकि पिछले साल इसी महीने 8,675 वाहन बिके थे, यानी लगभग 54 प्रतिशत की कमी हुई।
