सोना 120 रुपए, चांदी 500 रुपए चमकी

Friday, Jul 22, 2016 - 05:14 PM (IST)

नई दिल्लीः यूरोपीय केंद्रीय बैंक (ई.सी.बी.) के ब्याज दरों में बढ़ौतरी नहीं करने से वैश्विक स्तर पर पीली धातु में आई तेजी के कारण आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 120 रुपए चमककर 30,770 रुपए प्रति 10 ग्राम पर तथा चांदी 500 रुपए चढ़कर 46,200 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। ईसीबी ने गुरुवार को ब्याज दर रिकॉर्ड निचले स्तर पर यथावत रखा। साथ ही इस साल अंतिम तिमाही से पहले अमरीका में भी ब्याज दरों में बढ़ौतरी की संभावना नहीं दिख रही है। इससे सोने को बल मिला और कल यह 1.2 फीसदी की बढ़त पर बंद हुआ। 

 

हालांकि, आज मुनाफावसूली के कारण लंदन में सोना हाजिर 8.40 डॉलर उतरकर 1,324.20 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अगस्त का अमरीकी सोना वायदा भी 6.8 डॉलर टूटकर 1,324.2 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि आज की गिरावट मुनाफावसूली का परिणाम है। ई.सी.बी. के ब्याज दर नहीं बढ़ाने से सोने को बल मिला है। अब निवेशकों की निगाह अगले सप्ताह होने वाली अमरीकी फेडरल रिजर्व की बैठक पर है। इसमें भी ब्याज दर बढऩे की उम्मीद कम ही है। लंदन में चांदी हाजिर भी 0.15 डॉलर फिसलकर 19.64 डॉलर प्रति औंस पर रही। 

Advertising