समय पर फ्लैट नहीं देना पड़ा महंगा, बिल्डर को जुर्माना

Sunday, Sep 17, 2017 - 11:18 AM (IST)

धनबाद: भवानी बिल्डर को अपने ग्राहक को समय पर फ्लैट नहीं सौंपना महंगा पड़ गया। जिला उपभोक्ता फोरम ने इस मामले में बिल्डर को अग्रिम से दोगुनी राशि लौटाने का आदेश दिया है। भवानी फोरम ने बिल्डर पर 15.89 लाख जुर्माना ठोका और 60 दिन के अंदर दोनों राशि का भुगतान करने का आदेश दिया है।

क्या है मामला
पीड़ित अश्विनी कुमार ने वाद दायर कर कहा कि उन्होंने 2014 में झरना पाड़ा में भवानी बिल्डर के निर्माणाधीन प्रोजैक्ट में 2 बी.एच.के. का फ्लैट बुक कराया था। इसके लिए उन्होंने 7.94 लाख रुपए अग्रिम भुगतान किया था। उन्हें 24 महीने में फ्लैट सौंपा जाना था, परंतु जमीन मालिक से विवाद के कारण बिल्डर फ्लैट नहीं सौंप सका। जानकारी मिलने पर अश्विनी ने अग्रिम राशि वापस मांगी। बिल्डर 10 फीसदी काटकर पैसा लौटाने को तैयार हो गया। उन्होंने पूरी राशि की मांग करते हुए उपभोक्ता फोरम में चुनौती दी। 

क्या कहा फोरम ने
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फोरम ने माना कि फ्लैट समय पर मुहैया नहीं करने के लिए बिल्डर जिम्मेदार है। इसलिए उसे अग्रिम राशि की दोगुनी राशि 15.89 लाख रुपए लौटाने होंगे। मानसिक प्रताडऩा के लिए अलग से 20 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। 

Advertising