जानवरों से नुकसान को भी फसल बीमा के दायरे में लाने की मांग

Monday, Dec 31, 2018 - 03:25 PM (IST)

नई दिल्लीः आवारा जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान तथा इससे किसानों की बढ़ती परेशानी का मुद्दा आज कई सदस्यों ने लोकसभा में उठाया तथा इसे भी फसल बीमा के दायरे में लाने की मांग की। सदन में शून्य काल के दौरान रीवा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य जनार्दन मिश्रा ने फसल बीमा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की यह योजना अच्छी है लेकिन इसमें बीमा करने की जिम्मेदारी निजी कंपनियों को दी गई है। ये कंपनियां किसानों को उचित क्षतिपूर्ति नहीं देतीं। इसलिए फसल बीमा किसी सरकारी कंपनी से कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं से होने वाले नुकसान से किसानों की हालत खराब है। इस नुकसान को भी फसल बीमा के दायरे में लाया जाये तथा इसके लिए भी किसानों को क्षतिपूर्ति दी जाए।

हमीरपुर से भाजपा के अनुराग ठाकुर ने उनके संसदीय क्षेत्र में बंदरों तथा अन्य बेसहारा पशुओं से फसलों को होने वाले नुकसान का उल्लेख करते हुए कहा कि मनरेगा में अपने खेतों की रखवाली को भी शामिल कर किसानों को इसके लिए मनरेगा से पारिश्रमिक दिया जाए। बांदा से भाजपा सदस्य भैरों प्रसाद प्रसाद मिश्र ने उनके इलाके में अन्ना जानवर (आवारा पशुओं) द्वारा मचाई जा रही तबाही का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पूरे बुंदेलखंड इलाके में ये जानवर किसानों की फसल बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने इन जानवरों के लिए केंद्र के खर्चे पर अस्थायी गौशालाएं खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर किसानों ने इन जानवरों को बंद कर रखा है जहां वे ठंड और भूख से मर रहे हैं। उन्होंने उनके चारे-पानी का इंतजाम करने की भी मांग की।

jyoti choudhary

Advertising