अब दिल्ली Metro भी उतरेगी रियल एस्टेट बिजनेस में, जल्द बेचेगी फ्लैट

Wednesday, Apr 12, 2017 - 12:47 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली मेट्रो रेल निगम रियल एस्टेट बाजार में हाथ आज़माने की तैयारी में है। जल्द ही 60 लाख रुपए से एक करोड़ रुपए मूल्य के 500 से ज्यादा फ्लैटों के साथ बाजार में उतरेगी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डी.एम.आर.सी.) के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मेट्रो ने इस मोर्चे पर प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह फ्लैट जनकपुरी तथा ओखला इलाके में बनेंगे, जिसके लिए लोग एक-दो महीने में बुकिंग कराना शुरू कर सकते हैं। यह पहली बार है कि डी.एम.आर.सी. आम जनता के लिए फ्लैट्स का निर्माण कर रही है।

15% फ्लैट आर्थिक तौर पर कमजोर तबके के लिए
फ्लैट बनाने में करीब 2 साल का वक्त लगेगा। जनकपुरी में करीब 460 फ्लैट बनेंगे जबकि ओखला में 90 फ्लैट बनाए जाएंगे। इसके लिए प्लॉट की पहचान कर ली गई है। हालांकि निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। मेट्रो जल्द ही परियोजना का औपचारिक ऐलान करेगी। अधिकारी ने कहा कि फ्लैटों की बिक्री में डी.एम.आर.सी. दिल्ली विकास प्राधिकरण (डी.डी.ए.) का तरीका अपनाएगी जिसमें आंवटन ड्रॉ से होता है। मेट्रो ने कहा कि 15 फीसदी फ्लैट आर्थिक तौर पर कमजोर तबके के लिए आरक्षित होंगे। विज्ञप्ति एक महीने के अंदर जारी हो सकती है। इसी के साथ आवेदन पत्र की प्रति भी मिलेगी। मेट्रो ने वर्ष 2019 तक ये फ्लैट देने का वादा किया है।

Advertising