दिसंबर में निर्यात नाममात्र बढ़ा, इंजीनियरिंग, रत्नाभूषण क्षेत्र में भी गिरावट

Wednesday, Jan 16, 2019 - 11:46 AM (IST)

नई दिल्लीः देश का निर्यात दिसंबर 2018 में नाम-मात्र को 0.34 प्रतिशत बढ़कर 27.93 अरब डालर रहा। इस दौरान इंजीनियरिंग और रत्न एवं आभूषण क्षेत्र का निर्यात घटा। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार हालांकि पिछले महीने आयात 2.44 प्रतिशत घटकर 41 अरब डालर रहा। इससे व्यापार घाटा कम होकर 13 अरब डालर पर आ गया। व्यापार घाटा दिसंबर 2017 में 14.2 अरब डालर था।

स्वर्ण आयात पिछले साल दिसंबर में 24.33 प्रतिशत घटकर 2.56 अरब डालर रहा जो 2017 के इसी महीने में 3.39 अरब डालर था। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-दिसंबर के दौरान निर्यात 10.18 प्रतिशत बढ़कर 245.44 अरब डालर रहा। वहीं आयात 12.61 प्रतिशत बढ़कर 386.65 अरब डालर रहा। वित्त वर्ष 2018-19 के पहले नौ महीनों के दौरान व्यापार घाटा बढ़कर 141.2 अरब डालर रहा जो 2017-18 की इसी अवधि में 120.57 अरब डालर था। दिसंबर 2018 में तेल आयात 3.16 प्रतिशत बढ़कर 10.67 अरब डालर रहा।

Isha

Advertising