FY21 में कर्ज वृद्धि 59 साल के न्यूनतम स्तर पर, बैंक जमा 11.4% बढ़ी

Saturday, Apr 24, 2021 - 04:38 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः बैंक कर्ज वृद्धि में लगातार दूसरे साल गिरावट आई है और यह न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है। इसमें वित्त वर्ष 2020-21 में मात्र 5.56 प्रतिशत की वृद्धि हुई जो 59 साल का न्यूनतम स्तर है। यह स्थिति तब है जब सरकार कोविड-19 के प्रभाव से निपटने के लिए आसान कर्ज व्यवस्था के जरिए प्रोत्साहन दे रही है। एसबीआई रिसर्च की रिपोर्ट में यह कहा गया है। वित्त वर्ष 2020-21 में कुल कर्ज उठाव 109.51 लाख करोड़ रुपए रहा। कर्ज वृद्धि 2019-20 के मुकाबले कम है। उस समय कर्ज में 6.14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी और वह 58 साल का न्यूनतम स्तर था। इससे पहले वित्त वर्ष 1961-62 में कर्ज वृद्धि न्यूनतम 5.38 प्रतिशत थी। 

सरकार ने कोरोना वायरस संकट से निपटने के लिए 20 लाख करोड़ रुपए के प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की थी जो सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 11 प्रतिशत था। इसमें से वास्तव में केवल करीब 3 लाख करोड़ रुपए का उपयोग राजकोषीय प्रोत्साहन के रूप में किया गया। शेष राशि कर्ज सहायता के रूप में थी जिसका सरकार के राजकोषीय आंकड़े पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। एसबीआई रिसर्च ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आंकड़े का हवाला देते हुए कहा कि हालांकि बैंकों में जमा 2020-21 में 11.4 प्रतिशत बढ़कर 151.13 लाख करोड़ रुपए रहा जो 2019-20 में 7.93 प्रतिशत था। 

वित्त वर्ष 2008 की क्रेडिट ग्रोथ सबसे बेहतर
एसबीआई रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार वित्त वर्ष 2007-08 में कर्ज और जमा में अबतक की सबसे अच्छी वृद्धि दर्ज की गई। उस समय जमा में जहां 22.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई, वहीं कर्ज उठाव में 22.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी। अगले दो साल इसमें कमी आई और यह 17 प्रतिशत के करीब रही लेकिन 2010-11 में यह बढ़कर फिर से 21.5 प्रतिशत हो गई। उसके बाद से कर्ज मांग लगातार कम हुई और 2019-20 में यह 58 साल के न्यूनतम स्तर तथा 2020-21 में 59 साल के न्यूनतम स्तर तक चली गई।

नवंबर के बाद कर्ज उठाव में हुई वृद्धि
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2020-21 की पहली छमाही में कर्ज उठाव पर महामारी का प्रभाव पड़ा क्योंकि उस समय अर्थव्यवस्था बंद पड़ी थी। दूसरी छमाही में नवंबर के बाद कुछ वृद्धि दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, "लेकिन इसके बावजूद कर्ज में वृद्धि 2020-21 में केवल 5.56 प्रतिशत रही जो 59 साल का न्यूनतम स्तर है। वहीं 2019-20 में वृद्धि 6.14 प्रतिशत थी।'' जमा में वृद्धि 2020-21 में 11.4 प्रतिशत रही जो 2019-20 में 7.93 प्रतिशत थी। वित्त वर्ष 2019-20 में जमा 135.71 लाख करोड़ रुपए रही थी।
 

jyoti choudhary

Advertising