110 डॉलर के पार पहुंचा क्रूड, IEA ने दी दुनिया को चेतावनी

punjabkesari.in Wednesday, Mar 02, 2022 - 04:24 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध से कच्‍चा तेल भड़क उठा है। ग्‍लोबल मार्कीट में ब्रेंट क्रूड के भाव बढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गए हैं। इस बीच अंतर्राष्‍ट्रीय ऊर्जा एजैंसी (आई.ई.ए.) ने दुनिया में एनर्जी संकट बढ़ने की चेतावनी दी है। एक्‍सपर्ट ने पहले ही आशंका जताई थी कि कच्‍चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आ सकता है। बुधवार सुबह ही ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 5 फीसदी से ज्‍यादा का उछाल आया और यह 110.54 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्‍ल्‍यू.टी.आई.) भी 5 फीसदी से ज्‍यादा बढ़कर 108 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया।

युद्ध की वजह से रूस से क्रूड ऑयल की सप्‍लाई पर असर पड़ा और कीमतों में अचानक 7 फीसदी का उछाल आ गया, जिससे क्रूड के भाव 2014 के बाद सबसे ऊंचाई पर पहुंच गए। ग्‍लोबल एग्रीमैंट के अनुसार कच्‍चे तेल की सप्‍लाई नहीं हो पा रही है। जापान, अमरीका सहित आई.ई.ए. के सदस्‍यों ने अपने रिजर्व में से 6 करोड़ बैरल तेल जारी करने की तैयारी की है, लेकिन यह एक दिन के तेल खपत से भी कम है।

दुनियाभर में पैदा हो सकता है ऊर्जा संकट
आई.ई.ए. ने कहा है कि ऑयल रिजर्व से भी तेज जारी होने के बाद कीमतों पर खास असर नहीं दिख रहा। ऐसे ही बढ़ौतरी होती रही तो दुनियाभर में ऊर्जा संकट पैदा हो सकता है। अमरीका ने अपने रिजर्व में से 3 करोड़ बैरल तेल बाजार में जारी किया है। हालांकि, जिस तरह दुनियाभर में तेल की खपत बढ़ रही, रिजर्व में रखे तेल इसके लिए काफी नहीं होंगे। कोरोना महामारी से पहले दुनियाभर में रोजाना 10 करोड़ बैरल तेल की खपत हो रही थी।

गोल्‍डमैन का दावा: 150 डॉलर पहुंचेगा क्रूड
ग्‍लोबल फर्म गोल्‍डमैन सॉक्सृ, मॉर्गन स्टेनली और जे.पी.मार्गन ने क्रूड ऑयल कीमतों पर भविष्‍यवाणी की है। इन एजैंसियों का कहना है कि क्रूड के दाम जल्‍द ही 150 डॉलर प्रति बैरल को भी पार कर सकते हैं। हालांकि, रूस ने अपने क्रूड के दाम रिकॉर्ड स्‍तर तक घटा दिए हैं लेकिन अमरीका और यूरोप की ओर से लगे प्रतिबंधों की वजह से कोई भी उसे खरीद नहीं रहा।

सऊदी अरब रिकॉर्ड स्‍तर तक बढ़ाएगा अपनी कीमत
ऑयल ट्रेडर्स से जुड़े सूत्रों का कहना है कि खाड़ी देशों में क्रूड उत्‍पादन का प्रमुख देश सऊदी अरब अप्रैल में अपने एशियाई देशों को रिकॉर्ड कीमत पर कच्‍चा तेल बेच सकता है। सऊदी अरब का लाइट क्रूड ऑयल 4.50 डॉलर प्रति बैरल तक बढ़ सकता है। कई रिफाइनरियों ने इसके 1.50 डॉलर से 2.20 डॉलर तक बढ़ने का अनुमान लगाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News