लगातार पांचवें हफ्ते देश के विदेशी मुद्रा भंडार में इजाफा

Friday, Mar 29, 2024 - 06:25 PM (IST)

नई दिल्लीः देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार पांचवे हफ्ते इजाफा देखने को मिला। 22 मार्च को समाप्त सप्ताह में यह 0.14 अरब डॉलर बढ़कर 642.631 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पहले 15 मार्च को समाप्त सप्ताह में यह 642.492 अरब डॉलर था। जबकि 8 मार्च को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 636.095 अरब डॉलर पर था।

उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2021 में, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर (ऑल टाइम हाई) पर पहुंच गया था। पिछले साल से वैश्विक गतिविधियों के कारण दबाव के बीच केंद्रीय बैंक ने रुपए की विनिमय दर बनाए रखने के लिए मुद्राभंडार का उपयोग किया। इससे मुद्रा भंडार प्रभावित हुआ।

Foreign Currency Assets में गिरावट

रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, 22 मार्च को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 0.12 अरब डॉलर घटकर 568.26 अरब डॉलर रह गया। इससे ठीक पहले यानी 15 मार्च को समाप्त सप्ताह में यह 568.38 अरब डॉलर पर था। जबकि 8 मार्च को समाप्त सप्ताह में यह 562.35 अरब डॉलर था।

डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में घट-बढ़ के प्रभावों को शामिल किया जाता है।

गोल्ड रिजर्व बढ़ा

RBI के अनुसार स्वर्ण भंडार का मूल्य 0.34 करोड़ डॉलर बढ़कर 51.48 अरब डॉलर हो गया।
 

jyoti choudhary

Advertising