देश का विदेशी मुद्रा भंडार 18.34 अरब डॉलर घटकर 747.56 अरब डॉलर पर
punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 11:43 AM (IST)
मुंबईः देश का विदेशी मुद्रा भंडार 25 सितंबर को समाप्त सप्ताह में 18.34 अरब डॉलर घटकर 747.56 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के शुक्रवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली। इससे पिछले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 14.88 अरब डॉलर घटकर 765.90 अरब डॉलर रहा था।
विदेशी मुद्रा भंडार चार सितंबर को समाप्त सप्ताह में 785.71 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। यह उछाल प्रवासी भारतीयों से जमा के लिए एक विशेष रियायती अला-बदली सुविधा के तहत मुद्रा के भारी प्रवाह के कारण आया था। इसके जरिए बैंकों ने 130 अरब डॉलर से अधिक की रिकॉर्ड राशि जुटाई थी। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार 25 सितंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का एक प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 15.57 अरब डॉलर घटकर 615.41 अरब डॉलर रही।
डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। आरबीआई ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.59 अरब डॉलर घटकर 108.70 अरब डॉलर रहा। शीर्ष बैंक ने बताया कि विशेष आहरण अधिकार (SDR) 9.7 करोड़ डॉलर घटकर 18.64 अरब डॉलर रहा। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास भारत की आरक्षित स्थिति 8.6 करोड़ डॉलर घटकर 4.80 अरब डॉलर रही।
