महंगाई के साथ सितंबर की शुरुआत, दिल्ली-एनसीआर में बढ़े CNG के दाम

Sunday, Sep 01, 2019 - 02:36 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली-एनसीआर में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी का फैसला किया है। रुपए की तुलना में डॉलर के मजबूत होने से सीएनजी महंगी हुई है। अप्रैल से सीएनजी के दाम तीसरी बार बढ़ाए गए हैं। आईजीएल ने बयान में कहा कि दिल्ली, रेवाड़ी, गुरुग्राम और करनाल में सीएनजी के दाम 50 पैसे प्रति किलोग्राम बढ़ाए गए हैं। वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में इसकी कीमतों में 55 पैसे प्रति किलोग्राम का इजाफा हुआ है।

जानें गैस के नए रेट
दिल्ली में सीएनजी अब 47.10 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में अब यह 53.50 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है। गुरुग्राम और रेवाड़ी में सीएनजी का दाम 58.95 रुपए प्रति किलोग्राम और करनाल में 55.95 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया है। इस साल अप्रैल से सीएनजी के दामों में यह तीसरी वृद्धि है। अप्रैल, 2018 से इसमें आठवीं बार बढ़ोतरी की गई है। कुल मिलाकर अप्रैल, 2018 से सीएनजी के दामों में 7.39 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है।

नहीं बढ़ाए PNG के दाम
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने पाइप के जरिए आपूर्ति की जाने वाली रसोई गैस पीएनजी के दामों में बढ़ोतरी नहीं की है। आईजीएल ने कहा कि वह रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में चुनिंदा सीएनजी आउटलेट्स पर डेढ़ रुपए प्रति किलोग्राम की छूट जारी रखेगी।

 

Supreet Kaur

Advertising