फिर से भारत आएंगे चीन के सेब, भारतीय वैज्ञानिक चीन जाकर करेंगे जांच

Thursday, May 23, 2019 - 11:11 AM (IST)

नई दिल्लीः जल्द ही भारत में आपको फिर से चीनी सेब और नाशपाती खाने को मिलेंगे। भारत चीन से इनके निर्यात को लेकर संभावनाएं तलाश रहा है। जून 2017 में चीन से आने वाले फलों में कीड़े और फंगस पाया गया था, जिसके बाद आयात पर रोक लगा दी गई थी। अब भारतीय वैज्ञानिक चीन जाकर सेबों और नाशपाती का निरीक्षण करेंगे। इस निरीक्षण के बाद ही तय किया जाएगा कि फलों का आयात करना है या नहीं।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक मंत्रालय के अधिकारियों ने चीन के कस्टम विभाग के उप-मंत्री जैंग जवेन से दिल्ली में मुलाकात की थी। इसमें अधिकारियों ने जैंग को भरोसा दिलाया है कि भारत को सेब और नाशपाती निर्यात करने की चीन की मांग पर गौर फरमाया जाएगा।  

चीन से आयात रुकने से भारतीय सेब की बढ़ी डिमांड
2016 में भारत ने चीन से 1.25 लाख टन सेब का आयात किया। यह आंकड़ा भारत द्वारा किए गए कुल सेब आयात का आधा से ज्यादा रहा। चीनी सेब के आयात प्रतिबंध लगने पर लोकल सेब की डिमांड में इजाफा हुआ। इसके बावजूद भारत चीन से सेब और नाशपाती का आयात करने को तैयार हुआ है क्योंकि चीन ने भारत से फलों के आयात को मंजूरी दी है। हाल ही में चीन ने भारतीय अंगूर का आयात शुरू किया है और अनार व केला समेत अन्य कई फलों के आयात को लेकर बातचीत कर रहा है।

भारतीय वैज्ञानिक चीन जाकर करेंगे जांच
चीन से आने वाले फलों के कंसाइनमैंट में कीड़े और फंगस मिलने के बाद नैशनल प्लांट प्रोटैक्शन आर्गेनाइजेशन (एन.पी.पी.ओ.) ने चीन के क्वालिटी सुपरविजन, इंस्पैक्शन विभाग को कई चेतावनियां भेजीं। इसके बाद भारत ने चीन से फलों के निर्यात पर रोक लगा दी। चीन के कस्टम विभाग के अधिकारियों ने भारत को भरोसा दिलाया था कि यह समस्या दोबारा न आए, इसके लिए विभाग कड़े कदम उठाएगा। अब एन.पी.पी.ओ. चीन में सेब और नाशपाती के बागानों व फलों की प्रोसैसिंग एवं पैकेजिंग यूनिट का दौरा करने के लिए एक टीम को भेजेगी। यह टीम रिव्यू करेगी कि फलों को कीड़ों और फंगस से दूर रखने के लिए सफाई के क्या कदम उठाए गए हैं। 

jyoti choudhary

Advertising