Amazon-Flipkart पर बिना सरकारी मंजूरी बिक रहे थे CCTV कैमरे! 700+ कैमरों का BIS रिकॉर्ड नहीं

punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 02:44 PM (IST)

नई दिल्लीः आज के समय में घर, दुकान, ऑफिस और अन्य जगहों की निगरानी के लिए इंटरनेट से जुड़े सिक्योरिटी कैमरों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इन कैमरों की मदद से लोग दूर रहते हुए भी अपने घर या कारोबार पर नजर रख सकते हैं। हालांकि, अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक रहे कुछ सिक्योरिटी कैमरों को लेकर सुरक्षा और सरकारी मंजूरी से जुड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

मामला Amazon और Flipkart पर उपलब्ध कुछ इंटरनेट से जुड़े CCTV कैमरों से जुड़ा है। जांच में दावा किया गया है कि इन दोनों ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में ऐसे कैमरों की लिस्टिंग मिली, जिनकी सरकारी मंजूरी को लेकर सवाल सामने आए हैं।

करीब 770 कैमरों की लिस्टिंग मिली

रिपोर्ट के मुताबिक, जांच के दौरान Amazon और Flipkart पर करीब 770 इंटरनेट से जुड़े CCTV कैमरों की लिस्टिंग सामने आई। इनमें से 700 से अधिक कैमरों के नाम Bureau of Indian Standards (BIS) के मंजूर रिकॉर्ड में नाम नहीं था।

यह मामला इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इंटरनेट से जुड़े कैमरे केवल सामान्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं होते। ये कैमरे लगातार वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं और इंटरनेट के जरिए यूजर को दूर बैठे लाइव फुटेज उपलब्ध कराते हैं। ऐसे में इनके सुरक्षा मानकों और नियामकीय मंजूरी का महत्व काफी बढ़ जाता है।

दोनों प्लेटफॉर्म ने शुरू की जांच

बिना जरूरी मंजूरी वाले कैमरों की बिक्री से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद Amazon और Flipkart ने अपने प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध ऐसे उत्पादों की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, जिन कैमरों के पास आवश्यक सरकारी मंजूरी नहीं होगी, उन्हें प्लेटफॉर्म से हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।

साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता

इंटरनेट से जुड़े कैमरों का इस्तेमाल बढ़ने के साथ साइबर सुरक्षा का मुद्दा भी महत्वपूर्ण हो गया है। अगर कोई कैमरा पर्याप्त सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करता है, तो उसके डेटा और नेटवर्क सुरक्षा को लेकर जोखिम पैदा हो सकता है।

विशेषज्ञों के लिए चिंता का एक कारण यह भी है कि ऐसे कैमरे घरों, दुकानों और कार्यालयों जैसे संवेदनशील स्थानों पर लगाए जाते हैं। इसलिए कैमरे खरीदते समय ग्राहकों के लिए यह देखना जरूरी है कि उत्पाद जरूरी नियामकीय मानकों का पालन करता है या नहीं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News