GST का असर, CA ने फीस में किया 30% का इज़ाफा

Monday, Jul 03, 2017 - 05:07 PM (IST)

नई दिल्लीः देशभर में एक ही टैक्स का सिस्टम जी.एस.टी. लागू हो गया है। काफी लोगों को अभी इस सिस्टम के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। इसी नज़ाकत को देखते हुए देशभर में चार्टड एकाउंटेंट (सी.ए.) और टैक्स के जानकारों ने अपनी फीस में बढ़ौतरी कर दी है। 1 जुलाई से लागू हुए जी.एस.टी. के बाद चार्टड एकाउंटेंटस ने छोटे बिजनेस के लिए अपनी फीस में 15 फीसदी और बड़े बिजनेस के लिए 30 फीसदी तक की बढ़ौतरी की है। ऐसा करने से बिजनेस करने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि लोगों को अभी इस सिस्टम के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।

देश में 3 लाख CA
आई.सी.ए.आई. की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जी.एस.टी. के लागू होने से चार्टड एकाउंटेंट की फीस में लगभग 15,000 करोड़ रुपए तक की बढ़ोतरी आएगी। आपको बता दें कि देशभर में लगभग 3 लाख सी.ए. हैं, वहीं इसके अलावा 1.5 लाख ऐसे लोग हैं जो टैक्स के जानकार हैं। गौरतलब है कि  जी.एस.टी. आने के बाद रिटर्न्स भरने के कई तरीकों में बदलाव आया है, जो कि अभी कुछ ही लोगों के समझ में आया है हालांकि सरकार का दावा है कि इसमें कोई परेशानी नहीं होगी।

CA अर्थजगत के बड़े स्तंभ
आपको बता दें कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चार्टड एकाउंटेंट के एक ग्रुप को संबोधित किया था, जिसमें उन्होंने  जी.एस.टी. लागू होने के बाद उनके योगदान के बारे में बताया था। पीएम मोदी ने कहा कि  जी.एस.टी. भारत के अर्थव्यवस्था में एक नई राह की शुरुआत है। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को देश की संसद ने पवित्र अधिकार दिया है। जी.एस.टी. आर्थिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। सी.ए. अर्थजगत के बड़े स्तंभ है, जिन पर देश की आर्थिक जिम्मेदारी होती है। 

Advertising