सीमित गतिविधियों के बीच सोना टूटा, चांदी भी कमजोर

Sunday, Dec 04, 2016 - 11:15 AM (IST)

नई दिल्लीः सीमित गतिविधियों वाले कारोबार में बीते सप्ताह राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत गिरावट दर्शाती 29,250 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई। सर्राफा बाजार 16 दिनों के बाद खुला था। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं के कमजोर उठान के कारण चांदी की कीमत भी काफी गिरावट के साथ बंद हुई। सरकार के कालेधन पर अंकुश लगाने के प्रयासों के तहत 8 नवंबर को 500 रुपए और 1,000 रुपए के नोटों को चलन से बाहर करने की घोषणा के बाद नकदी की समस्या को देखते हुए बाजार में व्यवसाय का आकार काफी सीमित रहा।  

सरकार के उक्त फैसले के बाद कुछ सर्राफा व्यापारियों द्वारा कथित रूप से मुनाफा कमाने और कर अपवंचना करने की खबरों के बाद आयकर विभाग द्वारा सर्वे (जांच) किए जाने के बाद 11 नवंबर से स्वर्ण एवं आभूषण प्रतिष्ठान बंद थे। आयकर विभाग का यह सर्वे अभियान 10 नवंबर को दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में दरीबां कलां, चांदनी चौक और करोलबाग सहित कम से कम 4 स्थानों पर चलाया गया था।  वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 1,177.10 डॉलर प्रति औंस और चांदी गिरावट के साथ 16.72 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। 

Advertising