आम जनता को लगने वाला है एक और बड़ा झटका, जानें क्या?
punjabkesari.in Tuesday, Jun 10, 2025 - 11:02 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः अगर आप घर बनाने की योजना बना रहे हैं, तो आपके बजट पर असर पड़ सकता है। आने वाले हफ्तों में सीमेंट की कीमतों में 5-6% तक बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है, जिससे निर्माण लागत में सीधा इजाफा हो सकता है।
मांग के चरम पर कीमत बढ़ाने की रणनीति
सीमेंट उद्योग के विशेषज्ञ राकेश अरोड़ा के अनुसार, देश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में कंपनियां कीमतें बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं। जनवरी से जून का समय निर्माण क्षेत्र के लिए सबसे व्यस्त माना जाता है। इस अवधि में मांग अधिक होती है और कंपनियां मानसून के कमजोर सीजन से पहले कीमतें बढ़ाकर मुनाफा बढ़ाने की कोशिश करती हैं। हालांकि अप्रैल-मई में हुई कुछ बढ़ोतरी को जून में आंशिक रूप से वापस लिया गया था लेकिन अब फिर से दरें बढ़ने की तैयारी है।
बड़ी कंपनियों की बिक्री में तेजी
उद्योग की पहली तिमाही (Q1) में कुल खपत में 5-6% की वृद्धि की उम्मीद की जा रही है। अल्ट्राटेक और अंबुजा जैसी बड़ी कंपनियों के लिए यह वृद्धि इससे कहीं अधिक हो सकती है। हाल ही में इन कंपनियों ने कई अधिग्रहण किए हैं- अल्ट्राटेक ने इंडिया सीमेंट्स और अंबुजा ने ओरिएंट, पेन्ना और सांघी सीमेंट को अपने पोर्टफोलियो में शामिल किया है। इससे इनकी बिक्री में मध्यम से उच्च स्तर की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
राजनीतिक व कानूनी मोर्चों पर चुनौतियां
वहीं पश्चिम बंगाल में सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं को वापस लिए जाने से कुछ कंपनियों को झटका लग सकता है। इससे संबंधित कुछ कानूनी विवाद भी सामने आ सकते हैं। इसके अलावा, इस साल मानसून की जल्दी शुरुआत से पहली तिमाही की मांग थोड़ी कमजोर रह सकती है।
आम जनता पर सीधा असर
सीमेंट की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी का सीधा असर घर बनाने की योजना बना रहे लोगों पर पड़ेगा। विशेषज्ञों की सलाह है कि जो लोग निकट भविष्य में निर्माण कार्य शुरू करना चाहते हैं, वे जल्द ही आवश्यक सामग्री की खरीदारी कर लें, ताकि बढ़ती कीमतों से बचा जा सके।