BSNL में हीलाहवाली नहीं चलेगी: सिन्हा

Friday, Jun 09, 2017 - 07:34 PM (IST)

नई दिल्लीः संचार मंत्री मनोज सिन्हा ने वर्ष 2016-17 में भारत संचार निगम लिमिटेड (बी.एस.एन.एल.) के नए ग्राहक जोडऩे के लक्ष्य को हासिल नहीं करने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आज कहा कि जो अधिकारी बेहतर काम करते हैं उन्हें पुरस्कृत किया जाना चाहिए लेकिन जो काम नहीं करना चाहते हैं उनके लिए अलग उपाय किए जाने चाहिए। 

सिन्हा ने बी.एस.एन.एल. के सर्कल प्रमुखों की 2 दिवसीय बैठक के समापन के मौके पर कहा कि पिछला वर्ष दूरसंचार क्षेत्र के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा वाला रहा है। वर्ष 2016-17 में बी.एस.एन.एल. की बाजार हिस्सेदारी में 0.30 प्रतिशत की बढ़ौतरी हुई है और यह 9.05 प्रतिशत बढ़कर 9.35 प्रतिशत पर पहुंच गई है लेकिन यह लक्ष्य के अनुरूप नहीं है। उन्होंने बी.एस.एन.एल. को चालू वित्त वर्ष में बाजार हिस्सेदारी को 10.5 प्रतिशत से लेकर 11 प्रतिशत तक पहुंचने का लक्ष्य भी अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि बी.एस.एन.एल. का बड़े सर्कलों में प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा है और इसके लिए वहां के अधिकारी को मेहनत करने की जरूरत है। 

उन्होंने कहा कि निजी कंपनियों में बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहित किया जाता है उसी तरह से बी.एस.एन.एल. में भी पुरस्कृत किया जाना चाहिए और जिनका प्रदर्शन बेहतर नहीं हो उनके लिए अलग उपाय किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि बी.एस.एन.एल. को फिक्स लाइन और बिजनेस एंटरप्राइज कारोबार पर विशेष ध्यान देना चाहिए क्योंकि राजस्व वहीं से आता है। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से 30 जून तक सभी आवंटित ग्राम पंचायतों तक आप्टिकल फाइबर डालने के आदेश देते हुए कहा कि दिसंबर 2018 तक देश की सभी 2.50 लाख ग्राम पंचायतों को ब्राडबैंड कनैक्शन से जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है और इसमें किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
 

Advertising