विदेशी मुद्रा भंडार में 11 महीने की सबसे बड़ी गिरावट, गोल्ड रिजर्व में भी आई कमी

Saturday, Feb 18, 2023 - 10:19 AM (IST)

मुंबईः देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10 फरवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान 8.319 अरब डॉलर घटकर 566.948 अरब डॉलर रह गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह लगातार दूसरा सप्ताह है जब विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई है। इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 1.49 अरब डॉलर की गिरावट आई थी। 

गौरतलब है कि अक्टूबर, 2021 में विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के उच्चस्तर पर पहुंचा था। वैश्विक घटनाक्रमों के बीच केंद्रीय बैंक के रुपए की विनियम दर में तेज गिरावट को रोकने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग करने की वजह से बाद में इसमें गिरावट आई थी। केंद्रीय बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, कुल मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा कही जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां (एफसीए) समीक्षधीन सप्ताह में 7.108 अरब डॉलर घटकर 500.587 अरब डॉलर रह गईं। डॉलर में अभिव्यक्त किये की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसे गैर-अमेरिकी मुद्राओं में आई घटबढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है। 

रिजर्व बैंक ने कहा कि स्वर्ण भंडार में दूसरे सप्ताह गिरावट जारी रही और स्वर्ण भंडार का मूल्य आलोच्य सप्ताह में 91.9 करोड़ डॉलर घटकर 42.862 अरब डॉलर रह गया। आंकड़ों के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 19 करोड़ डॉलर घटकर 18.354 अरब डॉलर रह गया। समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में रखा देश का मुद्रा भंडार 10.2 करोड़ डॉलर घटकर 5.145 अरब डॉलर रह गया। 
 

jyoti choudhary

Advertising