नए साल पर बड़ा तोहफा, 100 रुपए से ज्यादा सस्ता हुआ LPG सिलेंडर

Saturday, Jan 01, 2022 - 11:54 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः नए साल 2022 की शुरुआत बड़ी खुशखबरी के साथ हुई है। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 102.50 रुपए की कटौती की है। यह कटौती 19 किलोग्राम के काॅमर्शियल गैस सिलेंडर पर की गई है। नई कीमत 1 जनवरी 2022 से लागू हो चुकी हैं। हालांकि घरेलू रसोई गैस की कीमतों में किसी भी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है। कीमत में कटौती के बाद नई दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले गैस सिलिंडर की नई दर 1998.50 रुपए हो गई। 

1 जनवरी 2022 को कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें
IOC के मुताबिक 1 जनवरी 2022 को दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर का दाम 102.50 रुपए घटकर 1,998.5 रुपए हो गया है। मुंबई में 19 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर 102.50 रुपए घटकर 1,948.5 रुपए, कोलकाता में 101 रुपए घटकर 2,076 रुपए और चेन्नई में 103.50 रुपए सस्ता होकर 2,131 रुपए हो गया है।

इससे पहले 1 दिसंबर 2021 को 19 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमत में 100 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। उसके बाद दिल्ली में यह कीमत 2101 रुपए हो गई थी। उससे पहले 1 नवंबर को भी कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 266 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद यह कीमत 2000.50 रुपए पर पहुंच गई थी।

2012-13 के बाद कीमत सबसे ज्यादा
2012-13 के बाद 19 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर का यह सबसे महंगा रेट था। उस साल कमर्शियल गैस सिलेंडर का रेट 2200 रुपए तक पहुंच गया था। आज कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में राहत मिली है। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर और 5 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमत में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं हुआ है।

14 किलोग्राम वाले सिलेंडर में कोई बदलाव नहीं
14 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमत में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में हर महीने की पहली तारीख को बदलाव होता है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर तेल कंपनियां महीने के बीच में भी कीमत में कटौती या बढ़ोतरी करती हैं।

jyoti choudhary

Advertising