भारत फोर्ज को पहली तिमाही में 89.89 करोड़ रुपए का शुद्ध घाटा
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 04:12 PM (IST)
नई दिल्लीः वाहन कलपुर्जा विनिर्माता कंपनी भारत फोर्ज लिमिटेड को चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में 89.89 करोड़ रुपए का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ है। कंपनी ने सोमवार को कहा कि उसकी जर्मनी स्थित अनुषंगी इकाई के पुनर्गठन के लिए किए गए प्रावधान के कारण वह घाटे में रही। कंपनी को पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 283.87 करोड़ रुपए का एकीकृत शुद्ध लाभ हुआ था। भारत फोर्ज ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में उसकी एकीकृत आय बढ़कर 4,639.94 करोड़ रुपए हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 3,908.75 करोड़ रुपए थी।
कंपनी ने कहा कि उसकी जर्मनी स्थित अनुषंगी इकाई भारत फोर्ज सीडीपी जीएमबीएच (बीएफ सीडीपी) को बाजार की चुनौतियों और लागत संबंधी प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके कारण पुनर्गठन के लिए 330.42 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 4,283.48 करोड़ रुपए हो गया, जो एक साल पहले 3,544.17 करोड़ रुपए था।
