IDBI के समर्थन में 27 दिसंबर को हड़ताल पर जा सकते हैं बैंक कर्मचारी

Tuesday, Dec 19, 2017 - 11:29 AM (IST)

नई दिल्लीः आई.डी.बी.आई. बैंक के कर्मचारियों के लिए संशोधित वेतनमान को शीघ्र लागू करने के लिए बैंक यूनियनों के एक धड़े ने 27 दिसंबर को हड़ताल की धमकी दी है। हड़ताल की आशंका से भारतीय स्टेट बैंक (एस.बी.आई.), विजया बैंक सहित कई बैंकों ने ग्राहकों को असुविधा के बारे में सूचित करना शुरू कर दिया है।

भारतीय बैंक संघ (आई.बी.ए.) ने बैंकों को सूचित किया है कि अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (ए.आई.बी.ई.ए.) और अखिल भारतीय बैंक अधिकारी संघ के सदस्यों ने कई मुद्दों को लेकर हड़ताल का नोटिस दिया है। ए.आई.बी.ई.ए. के महासचिव सी एच वेंकटचलम के मुताबिक, आई.डी.बी.आई. बैंक के कर्मचारियों के समर्थन में हड़ताल का आह्वान किया गया। बैंक कर्मचारियों के वेतन संशोधन की मांग पांच साल से लटकी हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्य श्रम आयुक्त ने 20 दिसंबर को बातचीत के जरिए समाधान निकालने के लिए बैठक बुलाई है। अगर आई.बी.ए. और बैंक प्रबंधन की ओर से ठोस आवश्वासन नहीं मिला तो यूनियन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होगी।     
 

Advertising