बजाज जनरल इंश्योरेंस, स्विस री कॉरपोरेट सॉल्यूशंस ने वाणिज्यिक बीमा साझेदारी के लिए समझौता किया

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 02:41 PM (IST)

नई दिल्लीः बजाज जनरल इंश्योरेंस और स्विस री कॉरपोरेट सॉल्यूशंस ने भारत में वाणिज्यिक बीमा साझेदारी की संभावनाएं तलाशने के लिए एक शुरुआती समझौता किया है। दोनों कंपनियों ने इस संबंध में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। एक संयुक्त बयान के अनुसार, इस साझेदारी से बजाज जनरल इंश्योरेंस की घरेलू बाजार में मजबूत मौजूदगी और स्विस री कॉरपोरेट सॉल्यूशंस के वैश्विक जोखिम प्रबंधन अनुभव तथा वाणिज्यिक बीमा क्षमताओं का लाभ मिलेगा। कंपनियों ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य उच्च प्रौद्योगिकी और विनिर्माण जैसे भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बीमा जोखिम आकलन विशेषज्ञता उपलब्ध कराना है। इसके अलावा विदेशों में कारोबार करने वाली भारतीय कंपनियों के लिए अंतरराष्ट्रीय बीमा कार्यक्रमों की पेशकश करने की भी योजना है। 

बजाज जनरल इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तपन सिंघल ने कहा, "हम भारतीय कंपनियों को उनके कारोबार के हर क्षेत्र में सहयोग देना चाहते हैं और बहुराष्ट्रीय संगठनों को भारत में जोखिमों का प्रभावी प्रबंधन करने में मदद करना चाहते हैं।" उन्होंने कहा कि जोखिमों में लगातार बदलाव हो रहा है और ऐसे में कंपनियों को वृद्धि व सफलता के लिए जरूरी सुरक्षा, मजबूती और भरोसा उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। 

बयान में कहा गया कि अंतिम समझौतों और नियामकीय मंजूरियों के अधीन यह साझेदारी स्विस री कॉरपोरेट सॉल्यूशंस के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम मंच का उपयोग कर भारतीय बाजार के लिए संरचित बीमा समाधान विकसित करने का लक्ष्य रखती है। स्विस री कॉरपोरेट सॉल्यूशंस दुनियाभर में कंपनियों के लिए संपत्ति बीमा से लेकर ऋण एवं गारंटी बीमा तथा वैकल्पिक जोखिम हस्तांतरण समाधान सहित कई तरह की जोखिम प्रबंधन सेवाएं उपलब्ध कराती है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News