इस साल अबतक अखिल भारतीय स्तर पर गेहूं का औसत थोक मूल्य 22% बढ़ा: सरकार

Saturday, Dec 10, 2022 - 11:45 AM (IST)

नई दिल्लीः पूरे भारत में गेहूं का औसत थोक मूल्य नवंबर में 22 प्रतिशत बढ़कर 2,721 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। इस साल जनवरी में यह 2,228 रुपए प्रति क्विंटल था। सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, ‘‘गेहूं सहित कृषि उपज की कीमतें बाजार में मांग और आपूर्ति की स्थिति, अंतरराष्ट्रीय कीमतों आदि से निर्धारित होती हैं।'' 

आंकड़ों के अनुसार, गेहूं का अखिल भारतीय मासिक औसत थोक मूल्य जनवरी में 2,228 रुपए प्रति क्विंटल, फरवरी में 2,230 रुपए, मार्च में 2,339 रुपए, अप्रैल में 2,384 रुपए, मई में 2,352 रुपए, जून में 2,316 रुपए, जुलाई में 2,409 रुपए प्रति क्विंटल, अगस्त में 2,486 रुपए, सितंबर में 2,516 रुपए, अक्टूबर में 2,571 रुपए और नवंबर में 2,721 रुपए प्रति क्विंटल था। अक्टूबर और नवंबर की कीमतें अस्थायी हैं। केंद्र ने कीमतों को नियंत्रित करने के लिए मई में गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था। 

मंत्री ने कहा, ‘‘गेहूं का उत्पादन वर्ष 2020-21 में 10 करोड़ 95.9 लाख टन से घटकर 2021-22 में 10 करोड़ 68.4 लाख टन रह गया है और वर्ष 2021-22 में गेहूं की अखिल भारतीय उपज 3,521 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर से घटकर वर्ष 2021-22 में 3,507 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर रह गई है। इस गिरावट का कारण मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान जैसे प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्यों में मार्च और अप्रैल, 2022 के दौरान लू का चलना था।'' उन्होंने कहा कि वर्ष 2022-23 के रबी बाजार सत्र (अप्रैल-जून) में गेहूं की खरीद वर्ष 2021-22 के 433.44 लाख टन के मुकाबले घटकर 187.92 लाख टन रह गई, क्योंकि इस अवधि के दौरान गेहूं का बाजार मूल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य से कहीं अधिक था। 
 

jyoti choudhary

Advertising