पहली बार 1.41 लाख करोड़ रुपए रहा GST कलैक्शन, तोडे सारे रिकॉर्ड

Saturday, May 01, 2021 - 04:09 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः कोरोना की दूसरी लहर के बावजूद वस्तु एवं सेवा कर (GST) कलैक्शन ने अब तक का रिकॉर्ड तोड़ा है। अप्रैल, 2021 में जीएसटी कलैक्शन 1.41 लाख करोड़ के रिकॉर्ड पर पहुंच गया है। जब से GST लागू हुआ है यानी 2017 जुलाई से, तब से यह पहली बार हुआ है। इससे पहले मार्च में सबसे अधिक जीएसटी कलैक्शन 1.24 लाख करोड़ रुपए था। इस तरह मार्च की तुलना में अप्रैल में जीएसटी कलैक्शन 14 फीसदी बढ़ा है। सरकार ने आज एक बयान में यह जानकारी दी।

लगातार सातवें महीने जीएसटी कलैक्शन एक लाख करोड़ रुपए के पार रहा और महामारी के बाद लगातार पांचवी बार 1.1 लाख करोड़ रुपए का आंकड़ा पार किया, जो अर्थव्यवस्था में सुधार का संकेत है। 

आज जारी हुए आंकड़े
अप्रैल के कुल जीएसटी कलैक्शन में सीजीएसटी 27,837 करोड़ रुपए, एसजीएसटी 35,621 करोड़ रुपए और आईजीएसटी 68,481 करोड़ रुपए (29599 करोड़ रुपए वस्तुओं के आयात पर) और सेस 9445 करोड़ रुपए (981 करोड़ रुपए वस्तुओं के आयात पर) रहा। इस दौरान डोमेस्टिक ट्रांजैक्शन (सेवाओं के आयात सहित) से रेवेन्यू में पिछले महीने के मुकाबले 21 फीसदी तेजी आई। यह लगातार सातवां महीना है जब जीएसटी कलैक्शन 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा है। इसमें लगातार बढ़ोतरी भी हो रही है।

दरअसल अप्रैल में आंशिक रूप से लॉकडाउन लगने से यह अनुमान था कि GST कलैक्शन घट सकता है। शुक्रवार को SBI की रिपोर्ट में कहा गया था कि अप्रैल महीने में GST कलैक्शन 1.15 से 1.20 लाख करोड़ रुपए रह सकता है। हालांकि यह अनुमान गलत साबित हुआ।
 

jyoti choudhary

Advertising