दाल का उत्पादन बढ़ाने से कम होगी कीमतें, केंद्र और राज्य दें ध्यानः सुब्रमण्यन

Monday, Jun 27, 2016 - 02:24 PM (IST)

पटनाः भारत के मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यन ने कहा कि विश्व में भारत सर्वाधिक दाल खपत करने वाला देश है। मांग के अनुरूप दाल का उत्पादन नहीं हो पा रहा है। इस कारण इसकी कीमत बढ़ी है। दाल का उत्पादन बढ़ाना ही समस्या का समाधान है। उत्पादन बढ़ाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है। सुब्रमण्यन रविवार को पटना में आद्री की रजत जयंती पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में भारत की अर्थव्यवस्था पर बोल रहे थे।

किसानों को किया जाए उत्साहित 
उन्होंने कहा कि किसानों को इन्सेंटिव देकर दाल का उत्पादन को बढ़ाने के लिए उत्साहित किया जाना चाहिए। दाल के न्यूनतम समर्थन मूल्य में केंद्र सरकार ने वृद्धि की है। कहा कि सब्जियों के दाम इनके उत्पादन से अधिक वहां के बाजार की ताकत पर निर्भर करते हैं।

सबसिडी वितरण में सुधार की जरूरत 
उन्होंने कहा कि देश में सबसिडी वितरण में सुधार की जरूरत है। साल में 76 हजार करोड़ की सबसिडी वितरित होती है। इसका लाभ टॉप 40 फीसदी लोग उठाते हैं। गरीब तबका इससे वंचित रहता है। 76 हजार करोड़ में सबसे अधिक 28 हजार 219 करोड़ रसोई गैस, 26 हजार 219 करोड़ बिजली, 3785 सोना, 3132 करोड़ रेल यात्रा व 1857 करोड़ किरोसिन तेल पर सबसिडी दी जाती है। कहा कि किसानों के लिए दी जा रही सबसिडी का लाभ उन तक नहीं पहुंचता। 80 फीसदी किसान निर्धारित कीमत से डेढ़ गुना अधिक दाम पर खाद खरीदने को विवश हैं। खाद की कालाबाजारी रोकनी होगी। 

Advertising