नोएडा में घर के खरीदारों को बड़ी राहत

Wednesday, Aug 19, 2015 - 12:27 PM (IST)

नोएडाः नोएडा में ओखला पंछी विहार के आसपास फ्लैट खरीदने वालों के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने इकोसेंसटिव जोन पर ड्राफ्ट रिपोर्ट मंजूर कर ली है। सरकार एक हफ्ते में ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी कर सकती है।

सरकार ने नोएडा बर्ड सेंचुरी पर ड्राफ्ट रिपोर्ट मंजूर कर ली है। ओखला बर्ड सेंचुरी के इकोसेंसटिव जोन पर ड्राफ्ट रिपोर्ट मंजूर की गई है जिसका 1 हफ्ते में नोटिफिकेशन जारी होगा। ड्राफ्ट रिपोर्ट में सेंचुरी के 3 ओर 100 मीटर का क्षेत्र ही इको सेंसटिव होगा। सेंचुरी के एक ओर 1.27 किलोमीटर का क्षेत्र इको सेंसिटिव क्षेत्र माना जाएगा। आपको बता दें कि नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने सेंचुरी के 10 किलोमीटर के दायरे में कंस्ट्रक्शन पर रोक लगाई थी। एनजीटी के आदेश से 54,000 फ्लैट का पजेशन अटका है और बिल्डर्स को ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट नहीं मिल पा रहा है।

गौरतलब है कि नोएडा में नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की वजह से कई प्रोजेक्ट लटके हुए है। माना जा रहा है कि करीब 50,000 घर अटके हुए हैं। इसमें जेपी ग्रुप के 20,000 घर फंसे हुए हैं। डी.एल.एफ. का सबसे बड़ा मॉल-मॉल ऑफ इंडिया, एटीएस ग्रुप का वन हैम्लेट, सुपरटेक, आम्रपाली ग्रुप के भी प्रोजेक्ट फंसे हुए हैं। माना जा रहा है कि सरकार के इस नए फैसले से इन सब बिल्डर्स के रुके हुए प्रोजेक्ट चालू हो पाएंगे और उनको राहत मिल पाएगी।

इस विषय पर क्रेडाई नैशनल के प्रेसिडेंट गीतांबर आनंद का कहना है कि पिछले साल सितंबर से ये मामला अटका हुआ था और नोएडा बर्ड सेंचुरी के पास के घर खरीदार अपने घरों में नहीं जा पा रहे थे। अब उन्हें राहत मिल पाएगी। वहां कम से कम 1 लाख मकान बने हुए हैं और अब उनमें लोग रह पाएंगे। यही कहा जा सकता है कि फैसला भले ही देर से आया है लेकिन अच्छा आया है।

क्रेडाई दिल्ली एनसीआर के प्रेसिडेंट मनोज गौड़ का कहना है कि नोएडा पंछी विहार के इकोसेंसेटिव जोन पर फैसला आने से कई मोर्चे पर लोगों को राहत मिली है। बिल्डर, घर खरीदार, सरकार सभी के सामने ये मसला पड़ा हुआ था और अब ये फैसला आने से वहां नकारात्मकता दूर होगी।

Advertising