ये हैं दुनिया की टॉप कंपनियों में काम करने वाले भारतीय CEO(Watch Pics)

Tuesday, Aug 11, 2015 - 05:54 PM (IST)

 नई दिल्ली: तमिलनाडु में 1972 में जन्मे सुंदरराजन पिचाई के गूगल के सीईओ बनने के साथ ही एक बार फि‍र दुनियाभर में भारतीय प्रतिभाओं की चर्चा जोरों पर है। पिचाई के साथ ऐसे और भी कई भारतीय है, जो दुनिया की बड़ी कंपनियों में अहम भूमिका निभा रहे हैं। आइये, मिलते हैं, ऐसी ही शख्सियतों से..

भारत की टॉप कंपनियों का हिस्सा है ये 10 लोग

1) सत्या नडेला
दुनिया की जानी-मानी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला भी भारतीय है। उनका जन्म हैदराबाद में हुआ था और उन्होंने मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के अतिरिक्त अमेरिका की शिकागो यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ विस्कॉन्सिन में पढ़ाई की है। सत्या इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं और काफी समय तक माइक्रोसॉफ्ट से जुड़े रहने के बाद उन्हें 2014 में कंपनी का सीईओ नियुक्त किया गया।

2) इंदिरा नूई
पेप्सिको कंपनी की सीईओ इंदिरा नूई  1994 में पेप्सिको से जुड़ीं थी और 2001 में उन्हें कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) बना दिया गया। इसके बाद अगले 10 सालों में इंदिरा ने कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की अगुआई की और चार साल पहले 2011 में उन्हें मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त कर दिया गया। उनका नाम विश्वप्रसिद्ध पत्रिका ‘फोब्र्स’ द्वारा दुनिया की 100 सर्वाधिक शक्तिशाली महिलाओं में शुमार है। वह मद्रास क्रिश्चियन कॉलेज, आईआईएम कोलकाता तथा येल स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की पूर्व छात्रा रहीं है।

3) संजय झा
संजय कुमार झा को जनवरी 2014 में ग्‍लोबल फाउंड्रीज का सीईओ नियुक्‍त किया गया। ये दुनिया की पहली फुल सर्विस देने वाली सेमीकंडक्‍टर फाउंड्री है, जो वैश्विक स्‍तर पर टेक्‍नोलॉजी फुटप्रिंट्स बनाती है। ग्‍लोबल फाउंड्री में जॉब मिलने से पहले झा मोटोरोला मोबाइल के सीईओ थे। इनका जन्‍म भारत के बिहार में हुआ था। इन्‍होंने स्कॉटलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ स्ट्रेथक्लाइड से इलेक्‍ट्रॉनिक इंजीनियरिंग से पीएचडी की है। 

4) शांतनु नारायेन 
दुनिया की जानी-मानी सॉफ्टवेयर कंपनी के सीईओ शान्‍तनु का जन्‍म हैदराबाद में हुआ था। इन्‍होंने 1998 में अडोब कंपनी को ज्‍वाइन किया। 2007 में वह इसके सीईओ बने। शांतनु की प्रतिभा ने कंपनी को कई नए आयाम भी दिए। नारायेन ने भारत में ओसमानिया यूनिवर्सिटी से बेचलर ऑफ साइंस इन इलेक्‍ट्रॉनिक इंजीनियरिंग की डिग्री ली। इसके बाद कैलीफोर्निया यूनिवर्सिटी से मास्‍टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्‍ट्रेटर का कोर्स किया।

5) अजय बंगा 
अमेरिकन फाइनेंशियल सर्विसेस को-ऑरपोरेशन कंपनी मास्‍टर कार्ड के सीईओ अजय बंगा का जन्‍म महाराष्‍ट्र के पुणे में हुआ था। इन्‍होंने दिल्‍ली यूनिवर्सिटी से संबद्ध सेंट स्‍टीफेन कॉलेज से इकोनॉमिक्‍स की डिग्री ली और फिर अहमदाबाद के मैनेजमेंट इंस्‍टीट्यूट से एमबीए का कोर्स पूरा किया। बंगा को जुलाई 2010 में कंपनी का सीईओ नियुक्‍त किया गया था। इससे पहला वह एशिया पैसिफ‍िक के सिटीग्रुप के सीईओ थे। वैसे बंगा ने अपना कॅरियर 1981 में नेस्‍ले के साथ शुरू किया था, जहां इन्‍होंने 13 साल नौकरी की।

6) फ्रांसिसको डिसूजा 
भारतीय मूल के फ्रांसिसको डिसूजा कॉग्निजेंट कंपनी में सीईओ है। जनवरी 2007 में उन्हें सॉफ्टवेयर सर्विस सेक्‍टर के सीईओ के तौर पर नियुक्‍त किया गया था। अपने 20 साल के अनुभव के साथ इन्‍होंने कंपनी से जुड़े कई प्रोजेक्‍ट्स को हैंडल किया और उसे सफलता की चोटी पर पहुंचाया। 

7) लक्ष्मी मित्तल
दुनिया की सबसे बड़ी स्टील कंपनी आर्सेलर मित्तल के सीईओ लक्ष्मी नारायण मित्तल ब्रिटेन में रहते हैं लेकिन नागरिकता अभी भी उनकी भारत की ही है। लक्ष्मी मित्तल का जन्म 2 सितंबर, 1950 को राजस्थान के चुरू जिले की राजगढ़ तहसील में हुआ था। मित्तल ने 1969 में कोलकाता के सेंट जेवियर्स कॉलेज से बिजनेस ऐंड अकाउंटिंग में गैजुएशन की है। 

8) इवान मेनेजिस
भारतीय मूल के इवान मेनेजिस को ब्रिटेन की शराब कंपनी डियाजियो का 7 मई 2013 को सीईओ नियुक्त किया गया। इवान मेनेजिस भारतीय प्रबंधन संस्थान-अहमदाबाद के पूर्व छात्र हैं। वह डियाजियो से पूर्व नेस्ले, बेज-एलेन एंड हैमिल्टन और वर्लपूल में काम कर चुके हैं।

9) पीयूष गुप्ता
भारतीय मूल के वरिष्ठ बैंकर पीयूष गुप्ता सिंगापुर के सबसे बड़े बैंकिंग समूह (डीबीएस) के सीईओ है। इससे पहले पीयूष गुप्ता सिटी बैंक के दक्षिण पूर्व एशिया पैसेफिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थे। डीबीएस ने उन्हें पांच महीने की वैश्विक खोज अभियान के बाद चुना था। डीबीएस की भारत और चीन जैसे बड़े एशियाई बाजारों में शाखाएं हैं। भारतीय मूल के पीयूष गुप्ता रिटेल बैंकिंग के विशेषज्ञ हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरूआत वर्ष 1982 में सिटीबैंक के साथ की थी।

10) राकेश कपूर
भारत में जन्मे राकेश कपूर ब्रिटेन की उपभोक्ता वस्तु बनाने वाली कंपनी रेकिट बेंकिजर (आरबी) के सीईओ है। कपूर ने बिट्स, पिलानी से केमिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है, साथ ही उन्होंने एक्सएलआरआई, जमशेदपुर से एमबीए की डिग्री भी ली है। 

Advertising