रेल से यात्रा करने वाले लोगों की संख्या में 4-5 फीसदी की गिरावट

Wednesday, Aug 05, 2015 - 05:14 PM (IST)

चंडीगढ़ः अर्थव्यवस्था में सुस्ती जैसे कारणों से इस साल रेल से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में 4-5 प्रतिशत की गिरावट आई है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज यह जानकारी दी।   

उत्तरी रेलवे के सहायक महाप्रबंधक एस के अग्रवाल ने कहा कि रेल यात्री परिवहन में गिरावट की एक प्रमुख वजह अर्थव्यवस्था की सुस्ती है। उन्होंने कहा, "यदि कारोबार घटेगा तो निश्चित रूप से लोग यात्रा कम करेंगे। गरीब व्यक्ति भी कम यात्रा करेगा।" यह पूछे जाने पर कि क्या यह आंकड़ा देशभर के लिए है, अग्रवाल ने कहा कि निश्चित रूप से। विशेष रूप से अनारक्षित श्रेणी में यात्रियों की संख्या में कमी आई है। उन्होंने कहा कि आरक्षित श्रेणी में यात्रियों की संख्या बढ़ी है लेकिन अनारक्षित श्रेणी में इसमें कमी आई है।

अग्रवाल ने कहा कि इसके अलावा बेहतर बुनियादी ढांचे और सड़क संपर्क में सुधार से भी छोटी दूरी के लिए रेल यात्रियों की संख्या में कमी आई है। उन्होंने कहा कि शताब्दी या एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के यात्रियों की संख्या कायम है, क्योंकि ये लंबी दूरी की रेलगाडिय़ां हैं। उन्होंने कहा कि शताब्दी काफी लोकप्रिय है। "चिंता न करें। शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेनों के यात्रियों की संख्या कम नहीं हो रही है बल्कि छोटी दूरी मसलन 100 से 125 किलोमीटर की यात्रा के लिए ट्रेन यात्रियों की संख्या घट रही है।"

Advertising