चाइनीज स्टॉक मार्केट में तबाही का असर दिखा भारत पर

Thursday, Jul 09, 2015 - 11:18 AM (IST)

मुंबईः चीन के शेयर बाजारों में बुधवार सुबह आई भारी बिकवाली के चलते ट्रेडिंग रोक दी गई है। यह कदम दिन के कारोबार के दौरान शंघाई बाजार में 8 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट आने के बाद उठाया गया। शेयर बाजार के जानकारों का मानना है कि यह गिरावट चीन के बाजारों पर ग्रीस संकट के चलते मंडराते खतरे के कारण देखने को मिली है। ग्रीस-चीन की वजह से भारतीय शेयर बाजार भी बुधवार को धड़ाम से गिरे।
 
ग्रीस संकट के असर से चीन के बाजारों में आई गिरावट के असर से भारतीय शेयर बाजारों में भी बुधवार के कारोबार में भारी गिरावट दर्ज हुई है। बी.एस.ई. का सैंसेक्स 483.97 अंक और एन.एस.ई. इंडैक्स का निफ्टी 147.75 अंक की गिरावट के साथ क्रमश: 27,687.72 व 8363.05 अंकों पर बंद हुए। धातु और वाहन क्षेत्र में सबसे अधिक दबाव रहा। वहीं मिडकैप, स्मालकैप और लार्जकैप भी गिरावट से बंद हुए।

चीन में गिरावट से भारत को फायदा
घरेलू ब्रोकरेज हाऊस की रिपोर्ट के अनुसार आर्थिक नजरिए से ग्रीस का भारत पर ज्यादा असर नहीं होगा लेकिन ग्रीस संकट के चलते आगे कुछ और दिनों तक बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। चीन में एफ.आई.आई. निवेश कम होगा जिससे भारतीय बाजारों को फायदा होगा। साथ ही चीन के बाजारों में अनिश्चितता बनी रहेगी।
Advertising