तीन सप्ताह के निम्न स्तर पर सोना, जानिए आज का भाव

Monday, Jun 01, 2015 - 03:48 PM (IST)

नई दिल्ली: कमजोर वैश्विक रुख और स्थानीय आभूषण विक्रेताआें की कमजोर मांग के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में आज सोने का भाव 105 रुपए की गिरावट के साथ 27,225 रुपए प्रति 10 ग्राम तक चला गया। यह इसका तीन सप्ताह का निम्नतम स्तर है। बिकवाली के दबाव में चांदी 175 रुपए गिर कर 38,400 रुपए प्रति किग्रा पर टिकी।   
 
बाजार सूत्रों ने कहा कि कमजोर वैश्विक संकेत और आभूषण विक्रेताआें की मांग में नरमी से स्थानीय बाजार में सोने की कीमतों पर दबाव रहा। लंदन में सुबह के कारोबार में सोना 0.24 प्रतिशत गिर कर 1,187.10 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.39 प्रतिशत नरमी के साथ 16.63 डॉलर प्रति औंस पर चल रही थी। डॉलर के मुकाबले रुपए के मजबूत होने के कारण बहुमूल्य धातुआें का आयात सस्ता हो गया है। इसका भी स्थानीय कीमतों पर असर है।   
 
विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में दिन में रुपया 22 पैसे की तेजी के साथ 63.60 रुपए प्रति डालर पर पहुंच गया था। राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता के भाव 105 रुपए की गिरावट के साथ क्रमश: 27,225 रुपए और 27,075 रुपए प्रति 10 ग्राम बंद हुए। यह सात मई के बाद का निम्नतम स्तर है। फुटकर विक्रेताआें की सीमित लिवाली के समर्थन से गिन्नी 23,700 रुपए प्रति 8 ग्राम पर स्थिर रही।   
Advertising