बुरा रहेगा हाल, महंगी रहेगी दाल

Monday, May 25, 2015 - 11:28 AM (IST)

नई दिल्ली: मुद्रास्फीति में गिरावट के रख के उलट नरेंद्र मोदी सरकार के पहले साल में प्रमुख महानगरों में दालें 64 प्रतिशत तक महंगी हुई हैं। मुख्य रूप से घरेलू उत्पादन घटने से दालों के दाम चढ़े हैं। लगातार दूसरे वर्ष मानसून खराब रहने की भविष्यवाणी के बीच सरकार एम.एम.टी.सी. जैसी सरकारी व्यापार कंपनियों के जरिए दलहनों का आयात करने पर विचार कर रही है ताकि दलहनों की घरेलू आपूर्ति को बढ़ाया जा सके और बढ़ती खुदरा कीमतों पर अंकुश लगाया जा सके।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय द्वारा रखे गए आंकड़ों के अनुसार मौजूदा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के पहले वर्ष में उड़द, तुअर, मसूर दाल, चना और मूंग के दामों में सबसे ज्यादा उछाल देखा गया है। मौजूदा समय में महानगरों में उड़द की बिक्री 105-123 रुपए प्रति किलो के हिसाब से हो रही है। पिछले साल तक इस दाल का दाम 64 से 80 रुपए प्रति किलो थी। उड़द का दाम मौजूदा समय में कोलकाता में 64 प्रतिशत बढ़कर 105 रुपए किलो हो गया जो मई, 2014 में 64 रुपए किलो थी।

मुंबई में यह 123 रुपए किलो, दिल्ली में 109 रुपए किलो और चेन्नई में 116 रुपए प्रति किलो है। इसी प्रकार से तुअर अथवा अरहर की कीमत 53 प्रतिशत बढ़कर 102-116 रुपए किलो के दायरे में चल रही हैं जो कि पिछले साल 68-86 रुपए किलो थी। मंत्रालय के आंकड़े दर्शाते हैं कि मसूर दाल की कीमतें 40 प्रतिशत की तेजी के साथ 80 से 94 रुपए किलो के बीच हैं जो पिछले वर्ष 60 से 75 रुपए प्रति किलो के बीच थी।

मूंग की भी कीमत 26 प्रतिशत बढ़कर अब 107 से 116 रुपए के दायरे में हैं जो पिछले साल की समीक्षाधीन अवधि में 92 से 105 रुपए प्रति किलो के बीच थी। विशेषज्ञों के अनुसार दलहनों की खेती वर्षासिंचित क्षेत्रों में होती है और सामान्य से कम मानसून रहने के कारण फसल वर्ष 2014-15 के दौरान घरेलू उत्पादन में कमी के कारण दालों की कीमतों में तेजी आई है। फसल वर्ष 2014-15 (जुलाई से जून) में दलहनों का उत्पादन घटकर एक करोड़ 84.3 लाख टन रहने का अनुमान है जो पिछले साल एक करोड़ 97.8 लाख टन था।

देश में साल भर में 1.8 से 1.9 करोड़ टन दलहनों का उत्पादन होता है लेकिन घरेलू मांग को पूरा करने के लिए 30 से 40 लाख टन दलहनों का आयात करना पड़ता है। पिछले दो वर्ष में मुख्य रूप से दालों का आयात निजी व्यापारियों द्वारा किया गया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2013-14 में दलहन का 30 लाख टन आयात किया जबकि यह 2014-15 में 34 लाख टन रहने का अनुमान है। 

Advertising