स्विट्जरलैंड ने भारतीय आम के आयात से बैन हटाया

Wednesday, May 20, 2015 - 01:42 PM (IST)

नई दिल्लीः स्विट्जरलैंड सरकार ने भारत से होने वाले आम के आयात पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया है। एक साल पहले स्विट्जरलैंड सरकार ने इस पर रोक लगाई थी। ये खबर भारत के कारोबारियों के लिए काफी राहत भरी है क्योंकि फरवरी और मार्च के महीने में हुई बेमौसम बारिश के कारण आम की फसल को काफी नुक्सान हुआ है। इस आम के सीजन में इसका असर सप्लाई और कीमतों पर देखा जा सकता है। हापुस और केसर आम की फसल में भी कमी होगी जिसके कारण आम की कीमतें बढ़ सकती हैं।

एपीडा (एग्रीकल्चर एंड प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट डेवल्पमेंट अथॉरिटी के अधिकारियों के मुताबिक स्विट्जरलैंड की सरकार ने आम पर लगे एक साल पुराने प्रतिबंध को हटा दिया है। एपीडा के महाप्रबंधक तरुण बजाज ने मनीभास्कर को बताया अब यूरोपीय संघ के बाद स्विटजरलैंड ने भी आम के निर्यात पर से प्रतिबंध हटा दिया है। इसके बाद भारत के आम पर किसी भी देश को निर्यात करने का अब प्रतिबंध नहीं है।

यूरोपियन संघ ने सात महीने पहले भारत से आम के आयात पर बैन लगा दिया था। कारोबारियों के मुताबिक आम यूरोप में 12 से 16 पाउंड ( 1600 रुपए) प्रति दर्जन पर बिकता है। इस बार फसल खराब होने की वजह से कीमतों में तेजी की उम्मीद है। भारतीय निर्यातकों के अनुसार यूरोप में भारत के आम की बढ़ी मांग होती है। प्रतिबंध हटने से इंडस्ट्री को बड़ा बूस्ट मिलेगा।

Advertising