भारत में अभी भी बहुतों के लिए महंगा है स्मार्टफोन : बीसीजी

Sunday, Apr 26, 2015 - 11:28 AM (IST)

नई दिल्ली: बॉस्टन कंसल्टिंग समूह (बीसीजी) का अनुमान है कि 2018 तक देश में इंटरनैट प्रयोगकर्ताओं की संख्या बढ़कर 40 करोड़ हो जाएगी। इसके बावजूद बीसीजी का कहना है कि देश में स्मार्टफोन अभी भी ‘बहुत लोगों’ के लिए महंगे हैं। स्मार्टफोन देश में नैट की पहुंच के लिए एक महत्वपूर्ण कारक है।   
 
दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था में इंटरनैट की बढ़ती पहुंच के प्रति विश्वास जताते हुए बीसीजी ने कहा कि देश में ऑनलाइन प्रयोगकर्ताओं की संख्या 2018 तक 55 करोड़ तक पहुंच सकती है।   
 
बीसीजी ने अपने अध्ययन में इन शानदार वृद्धि आंकड़ोंके लिए तीन कारक बताए हैं। ये हैं बढ़ती पहुंच, सस्ते में उपलब्धता तथा बढ़ती जागरूकता। अध्ययन में कहा गया है कि भारत में बिकने वाले दो-तिहाई मोबाइल फोन एेसे हैं जिनपर इंटरनैट चल सकता है। लेकिन बहुत से लोगों के लिए ये महंगे हैं और इनकी कीमत 60 डॉलर या अधिक यानी 3,850 रुपए से अधिक है। ये कइयों के लिए काफी महंगे हैं। कीमतों को नीचे लाने की जरूरत है।   
 
बीसीजी का कहना है कि चीजें हालांकि बदल रही हैं। लावा और इंटेक्स जैसी घरेलू हैंडसेट कंपनियां उचित कीमत यानी 2,900 से 4,500 रुपए में स्मार्टफोन बेच रही हैं।  
 
 
Advertising