आयात-निर्यात दोनों गिरे

Saturday, Apr 18, 2015 - 05:18 AM (IST)

नई दिल्ली: निर्यात में गिरावट का ट्रैंड वित्त वर्ष 2014-15 के आखिरी महीने में भी जारी रहा। शुक्रवार को जारी हुए वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, मार्च में निर्यात में 21.06 प्रतिशत (डॉलर में)  की गिरावट दर्ज हुई, जबकि आयात में भी 13.44 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।

मार्च 2015 में कुल 23.95 अरब डॉलर का निर्यात किया गया, जबकि बीते वर्ष मार्च 2014 के दौरान 30.34 अरब डॉलर का निर्यात किया गया था। वहीं मार्च, 2015 के दौरान आयात भी 13.44 प्रतिशत गिरकर 35.74 अरब डॉलर रहा जबकि बीते वर्ष मार्च के दौरान 41.29 अरब डॉलर का आयात किया गया था।

व्यापार घाटा बढ़ा 

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमतों में गिरावट के कारण तेल आयात खर्च में 16 प्रतिशत की कमी के बावजूद 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष में देश का व्यापार घाटा 13,701.45 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया है। 

वित्त वर्ष 2013-14 में व्यापार घाटा 13,579.79 करोड़ डॉलर रहा था। वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष के दौरान तेल आयात 16.09 प्रतिशत घटकर 13,826.17 अरब डॉलर रह गया जबकि गैर-तेल आयात 8.35 प्रतिशत बढ़कर 30,928.67 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया। 

दोनों मदों को मिलाकर कुल आयात में 0.59 प्रतिशत की कमी आई है और यह 2013-14 के 45,021.36 करोड़ डॉलर से घटकर 44,754.83 करोड़ डॉलर रह गया। निर्यात में 1.23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 31,441.57 करोड़ डॉलर से घटकर पिछले वित्त वर्ष में 31,053.39 करोड़ डॉलर रह गया।

सोने का आयात 94 प्रतिशत बढ़ा

मार्च महीने में सोने का आयात 4.98 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया है। पिछले साल मार्च में 2.57 बिलियन डॉलर सोने का आयात हुआ था। फरवरी में सोने के आयात में 48.78 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी और फरवरी में 1.98 बिलियन डॉलर का सोना आयात हुआ था।
Advertising