सभी रेल टिकट पर होंगे हेल्पलाइन नंबर

Wednesday, Mar 18, 2015 - 04:49 PM (IST)

नई दिल्लीः आने वाले दिनों में सभी रेल टिकटों पर हेल्पलाइन नंबर अंकित होंगे। रेल मंत्रालय के आदेश पर आगे से सभी तरह के रेल टिकट पर चाहे वे आरक्षित हो या अनारक्षित, हेल्पलाइन नंबर लिखा जाना अनिवार्य होगा। इस हेल्पलाइन नंबर 138 को ‘आल इंडिया पैसेंजर हेल्पलाइन का नाम दिया गया है। यह नंबर सभी रेल टिकट के अग्रभाग में अंकित होगा।  
 
रेलवे के अधिकारियों ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि इस हेल्पलाइन का मुखअय उद्देश्य रेल यात्रियों को आपात चिकित्सा सेवा, स्वच्छता, खानपान सेवा और डिब्बों के रखरखाव से जुडी सभी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना है।  
 
रेल मंत्रालय ने इसके साथ यह भी फैसला किया है कि सभी आरक्षित और अनारक्षित टिकटों के पीछे एक दूसरा हेल्पलाइन नंबर 182 भी अंकित किया जाएगा। रेल यात्रा के दौरान सुरक्षा से जुडी कोई भी जानकारी या सेवा इस नंबर के जरिए हासिल की जा सकेगी।  
 
रेल अधिकारियों ने बताया कि रेल टिकट में एक और बदलाव भी किया जाएगा। इसके तहत आरक्षित टिकटों के जिस स्थान पर ‘कृपया अपने साथ वैध पहचान पत्र रखें’ का संदेश लिखा रहता है उसके स्थान पर अब ''कृपया अपने साथ मूल पहचान पत्र रखे'' का संदेश लिखा जाएगा। मंत्रालय ने भारतीय रेल खानपान, पर्यटन निगम को टिकटों पर यह संदेश छपवाने के लिए विशेष व्यवस्था करने का आदेश दिया है।
Advertising