20 साल बाद फिर लौटा 1 रुपए का नोट

Tuesday, Mar 10, 2015 - 08:29 AM (IST)

नई दिल्ली: आपने 1 रुपए का नोट आखिरी बार कब देखा था क्या याद है आपको। आप कहेंगे कुछ माह या कुछ दिन पूर्व देखा होगा। जब भी देखा होगा लेकिन ये छपा 20 साल पहले ही था। अब आप कहेंगे तो इसमें बड़ी बात क्या है तो खास यह है कि  20 साल के बाद 1 रुपए का नोट फिर से छप चुका है और इस नोट पर अब रिजर्व बैंक के गवर्नर के नहीं बल्कि वित्त सचिव राजीव महर्षि के दस्तखत होंगे।

इस नोट को राजस्थान के नाथद्वारा मंदिर में 6 मार्च को जारी किया गया। रिजर्व बैंक का कहना है कि जल्द ही 1 रुपए के नोट का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।

इस नोट में 100 फीसदी कॉटन का इस्तेमाल किया गया है। इसकी मोटाई 110 माइक्रोन है। इसके वाटरमार्क पर अशोक स्तंभ तो होगा लेकिन सत्यमेव जयते नहीं लिखा होगा। साथ ही नोट के दाहिने तरफ भारत अंकित होगा व इस नोट का रंग गुलाबी और हरा होगा। इस नोट पर महर्षि के हस्ताक्षर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होंगे।

गौरतलब है कि नवंबर 1994 में 1 रुपए के नोट की छपाई बंद कर दी गई थी और  इसके पीछे इस नोट की छपाई की बढ़ती लागत को वजह बताया गया था। 2 रुपए और 5 रुपए के नोट की छपाई 1995 में बंद हो गई। इसके बाद से 2 रुपए और 5 रुपए के सिर्फ सिक्के ही जारी किए जाते रहे हैं।

 
 
 
Advertising