भारत में अरबपतियों की चौथी बड़ी आबादी

Tuesday, Mar 03, 2015 - 09:41 PM (IST)

न्यूयार्क: अरबपतियों की संख्या के लिहाज से भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी आबादी वाला देश है, जबकि अमेरिका पहले, चीन दूसरे और जर्मनी तीसरे पायदान पर है।  
 
वर्ष 2015 के लिए फोर्ब्स की धनी लोगों की नवीनतम सूची के मुताबिक, हालांकि, दुनिया के 100 सबसे धनी लोगों की सूची में केवल 5 भारतीय शामिल हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल भारतीय अरबपतियों की संख्या बढ़कर 90 पर पहुंच गई और उनका कुल धन 294 अरब डॉलर है। पिछले साल इस सूची में 56 अरबपति थे जिनका सामूहिक नेटवर्थ 191.5 अरब डालर था।  
 
वहीं दूसरी आेर, अमेरिका में 536 अरबपति हैं, जबकि चीन में 213 और जर्मनी में 103 अरबपति हैं। फोर्ब्स की इस सूची में अरबपतियों की कुल संख्या 1,826 है जिनका सकल नेटवर्थ 7,050 अरब डॉलर है जो पिछले साल 6,400 अरब डॉलर था। विश्व के कुल अरबपतियों में 290 पहली बार अरबपति बने लोग हैं जिसमें से 71 चीन से हैं।  
 
ब्रिक्स देशों में अरबपतियों की संख्या के लिहाज से भारत दूसरे पायदान पर है, जबकि चीन 213 अरबपतियों के साथ पहले पायदान पर है। चीनी अरबपतियों का कुल नेटवर्थ 565 अरब डॉलर है। वहीं ब्राजील में 181 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ 54 अरबपति हैं और रूस में 337 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ 88 अरबपति हैं।  
 
अरबपतियों के मामले में सबसे ज्यादा नुकसान रूस को हुआ, जहां 111 के मुकाबले अब 88 अरबपति रह गए। उसके अरबपतियों की संख्या न केवल अमेरिका और चीन से कम हो गई है बल्कि अब वह जर्मनी और भारत से भी नीचे आ गया।
Advertising