लॉकडाउन में आनंद महिंद्रा ने उठाया ये बड़ा कदम, सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ

Friday, Apr 10, 2020 - 04:46 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः लॉकडाउन के बीच देश के बड़े उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने अपने कर्मचारियों को खाना खिलाने का शानदार तरीका खोजा। किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए अब महिंद्रा समूह की फैक्ट्री की कैंटीन में कर्मचारियों को प्लेट की बजाय केले के पत्ते पर खाना परोसा जा रहा है। महिंद्रा ने खुद इसकी तस्वीरें ट्विटर पर शेयर की। दो घंटे के अंदर ही इसे 30 हजार से ज्यादा लोगों ने रि-ट्वीट किया और करीब एक लाख लोगों ने इसे लाइक किया। यूजर्स महिंद्रा के इस पहल की खूब तारीफ कर रहे।

पत्रकार के आइडिया को अपनाया
ट्विटर पर फोटो शेयर करते हुए उद्योगपति महिंद्रा ने बताया है कि पत्रकार, पद्म रामनाथ ने मुझे ई-मेल भेजकर यह सुझाव दिया कि अगर हमारी कैंटीन में प्लेट की बजाय केले के पत्तों का इस्तेमाल किया जाए तो इससे उन किसानों को मदद मिलेगी जो लॉकडाउन के चलते संघर्ष कर रहे हैं। इस पर हमारी टीम ने तुरंत काम किया और आइडिया अमल में ला दिया।

लॉकडाउन से किसान परेशान
लॉकडाउन के चलते किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ फसल काटने के लिए मजदूर नहीं मिल रहे, वहीं दूसरी ओर किसान अपने उत्पाद भी बाजार में नहीं बेच पा रहे। इसलिए उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में इस आइडिया के अमल में आने से केले की खेती से जुड़े किसानों को जरूर फायदा हो सकता है। 

गौरतलब है कि पूरे देश में कोरोनावायरस के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए 21 दिनों का लॉकडाउन लागू है। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते हुए सभी लोगों को घर में रहना है लेकिन सरकार के द्वारा इतना कुछ करने बावजूद देश में इस बीमारी का कहर जारी है।

jyoti choudhary

Advertising