आनंद महिंद्रा को याद आया धोनी का पुराना हेयर स्टाइल, ट्वीट कर लिखी यह दिलचस्प बात

Monday, Aug 17, 2020 - 01:20 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के रिटायर होने पर महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने एम.एस.धोनी को लेकर एक ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, 'बहुत कुछ कहा गया है धोनी खेल में क्या लेकर आए। मैं क्रिकेट का कोई विशेषज्ञ नहीं हूं, मुझे याद है जब पहली बार उन्हें देखा, मेरी मां ने टी.वी. पर धोनी के हेयरस्टाइल की तरफ इशारा किया। महिंद्रा ने आगे लिखा, धोनी से हमने यह सीखा है कि एक प्रभाव बनाने के लिएः
1. विश्वसनीय बनें
2. बोल्ड बनें/जोखिम उठाएं
3. सबसे अलग दिखें

महिंद्रा के इस ट्वीट को लोग खूब पसंद और शेयर कर रहे हैं। आपको बता दें कि स्वतंत्रता दिवस वाले दिन धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। धोनी ने इंस्टाग्राम में पोस्ट कर खुद के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में एमएस धोनी ने लिखा, 'आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए बहुत धन्यवाद। आज शाम 7.29 बजे के बाद से मुझे रिटायर समझा जाए।' अपने इस पोस्ट के साथ ही धोनी ने एक वीडियो भी शेयर किया।

धोनी के रिटायर होने पर भारतीय उद्योग जगत ने सम्मान प्रकट किया। अरबपति कारोबारी गौतम अडानी ने कहा कि धोनी ने छोटे शहरों व आम परिवारों के लाखों लोगों को प्रेरित किया है। धोनी, भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तान रहे हैं। उन्होंने भारत को 2007 में टी-20 विश्व कप और 2011 में एकदिवसीय विश्व कप में जीत दिलाई है।

अडानी ने ट्वीट किया, ‘‘एमएस धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया लेकिन पिछले डेढ़ दशक में उन्होंने जो कुछ हासिल किया, वह कभी भी स्कोरबोर्ड पर नहीं दिख सकता। उन्होंने छोटे शहरों और आम परिवारों के लाखों लोगों को सपना पूरा करने के लिए प्रेरित किया।'' 

वेदांता लिमिटेड के वाइस चेयरमैन नवीन अग्रवाल ने क्रिकेट दिग्गज के साथ अपनी मुलाकात को याद किया। उन्होंने कहा, ‘‘विकेट की ओर आपकी दौड़ बेहद पसंदीदा रहेगी, खासकर बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 में किया गया एक रन आउट। किंवदंती से मिलने और खेल के प्रति आपके जुनून का अनुभव करने का सौभाग्य मिला। एक अंतिम बार धोनी...धोनी।''

jyoti choudhary

Advertising