जूते पॉलिश करने वाले लड़के का गाना सुनकर भावुक हुए आनंद महिंद्रा, वीडियो शेयर कर लोगों को कही यह बात

Thursday, Oct 31, 2019 - 12:45 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः सोशल मीडिया पर अपने पोस्‍ट को लेकर अक्‍सर चर्चा में रहने वाले महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल आनंद महिंद्रा ने हाल ही में एक जूता पॉलिश करने वाले शख्स का गाना गाते हुए वीडियो शेयर किया है और साथ में लिखा कि वीडियो देखकर आप आंखों को गीला होने से नहीं रोक पाएंगे।

आनंद महिंद्रा ने किया भावुक ट्वीट
बता दें कि जूता पॉलिश करने वाले इस शख्स का नाम सनी है, जो टीवी के मशहूर सिंगग शो 'इंडियन आइडल' में ऑडिशन देने पहुंचा। इस वीडियो में सनी ना केवल खूबसूरत गाना गा रहे हैं बल्कि अपनी जिंदगी के संघर्ष के बारे में भी बता रहे हैं। वीडियो के अनुसार सनी जूता पॉलिश करते हैं और उनकी मां गुब्बारे बेचती हैं। सनी की ये वीडियो किसी को भी भावुक कर सकती है। इस वीडियो को देखने के बाद आनंद महिंद्रा ने भावुक ट्वीट भी किया।

वीडियो साझा कर लोगों को दिया चैलेंज
आनंद महिंद्रा ने यह वीडियो दिवाली के दिन शेयर किया और साथ में ये भी लिखा कि वीडियो देखकर आप आंखों को गीला होने से नहीं रोक पाएंगे। आनंद महिंद्रा ने बताया कि ये वीडियो उन्हें किसी दोस्त ने भेजा है। उन्होंने लिखा, "जिंदगी में ऊंचाई हासिल करने वाले लोगों के बारे में सीखने के लिए दिवाली का दिन सबसे अच्छा मौका होता है। उन्होंने ये भी कहा कि वीडियो देखते हुए उनकी आंखों में आंसू आ गए। मैंने यूट्यूब पर पूरा वीडियो खोजा और मैं आपको चैलेंज देता हूं कि वीडियो देखते हुए अपने आंसू रोककर दिखाएं। सोशल मीडिया ने हमारे लिए बहुत अच्छा काम किया है।अलग अलग जगहों से टैलेंट की खोज की जा रही है।"

विशाल ददलानी ने किया रीट्वीट 
आनंद महिंद्रा द्वारा साझा किए गए इस वीडियो को 'इंडियन आइडल' के जज विशाल ददलानी ने रीट्वीट किया है। सनी के वीडियो को रीट्वीट करते हुए विशाल ददलानी ने लिखा-  "आनंद महिंद्रा सर मुझे बेहद खुशी है कि आपने सनी को नोटिस किया। अगला एपिसोड जरूर देखिएगा। इंडियन आईडल 11 के सभी गायकों में ये काबीलियत है कि वो भारत के हर कोने और हर तरह के आर्थिक हालातों वाले बच्चों की प्रेरणा बन सकें। हमें बेहद गर्व होगा अगर आप हमारे सेट पर आएं और बच्चों से बातें करें, जब भी आप चाहें।"
 

Supreet Kaur

Advertising