अमेरिका का यूरोपीय संघ के चीज, व्हिस्की पर शुल्क का प्रस्ताव

Wednesday, Jul 03, 2019 - 05:35 AM (IST)

वाशिंगटनः अमेरिका ने यूरोपीय संघ से आयातित उत्पादों पर चार अरब डॉलर का शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया है। इन उत्पादों में चीज और स्कॉच और आयरिश व्हिस्की शामिल है। यूरोपीय संघ द्वारा वाणिज्यिक विमानों पर दी जा रही सब्सिडी की वजह से अमेरिका ने यह शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया है। इस सूची में सॉस, हैम, पास्ता, ओलिव और कई अन्य प्रकार के चीज शामिल हैं।

मंगलवार को जारी बयान में कहा गया है कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ऐसे उत्पादों की सूची जारी करने जा रहा है जिनपर अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है। व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने इस प्रस्ताव पर लोगों की राय आमंत्रित की है। बयान में कहा गया है कि यूरोपीय संघ द्वारा वहां विनिर्मित बड़े आकार के यात्री विमानों को दी जाने वाली सब्सिडी के जवाब में ये संभावित शुल्क प्रस्तावित।

इससे पहले अमेरिका ने 12 अप्रैल को करीब 21 अरब डालर के यूरोपीय उत्पादों पर शुल्क बढ़ाने का निर्णय किया था। नई अनुपूरक सूची में करीब 89 प्रकार के उत्पाद है। अमेरिका सालाना 4 अरब डालर के ऐेसे उत्पादों का आयात करता हे।

अमेरिका और यूरोपीय संघ पिछले 14 वर्ष से विमान सब्सिडी को लेकर झगड़ रहे है। अमेरिका एयरबस को सब्सिडी दिए जाने का आरोप लगता रहा है जबकि यूरोपीय संघ का आरोप हे कि अमेरिकी सरकार बोइंग को बाजार में अनुचित मदद पहुंचाती है। अमेरिका का चीन के साथ भी इस समय व्यापार युद्ध चल रहा है। दोनों पक्ष एक दूसरे के सैकड़ों अरब डालर के उत्पाद पर भारी शुल्क लगा चुके हैं।

 

Pardeep

Advertising