भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति करने वाले देशों में छठे नंबर पर पहुंचा अमरीका

punjabkesari.in Thursday, Dec 12, 2019 - 05:34 AM (IST)

नई दिल्ली: भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति करने वाले दुनिया के देशों में अब अमरीका बड़ा आपूर्तिकत्र्ता बन गया है और इस मामले में वह कुवैत को पीछे छोड़ते हुए छठे नंबर पर पहुंच गया है। भारत को तेल आपूर्ति के मामले में इस समय ईराक सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता बन गया है।

चालू वित्त वर्ष के दौरान अप्रैल से सितम्बर अवधि में अमरीका ने भारत को पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 70 प्रतिशत अधिक कच्चे तेल एवं गैस की आपूर्ति की है। भारत दुनिया में पैट्रोलियम पदार्थों का तीसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है। भारत अपनी कुल तेल जरूरत का 83 प्रतिशत तक आयात से पूरा करता है।

6 महीनों के दौरान अमरीका ने भारत को 54 लाख टन कच्चे तेल का किया निर्यात
पैट्रोलियम मंत्रालय द्वारा संसदीय समिति को दिए गए आंकड़ों के मुताबिक 2019-20 के शुरूआती 6 महीनों के दौरान अमरीका ने भारत को 54 लाख टन कच्चे तेल का निर्यात किया। एक साल पहले इतनी ही अवधि में उसने 31 लाख टन तेल की आपूर्ति की थी। भारत ने 2017 में अमरीका से तेल एवं गैस का आयात शुरू किया। भारत ने अपने पैट्रोलियम आयात को तेल निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) से बाहर ले जाकर इसमें विविधता की शुरूआत की है। 

ईराक ने 2.60 करोड़ टन किया निर्यात
भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति में ईराक सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता बना हुआ है। अप्रैल से सितम्बर 2019 में उसने 2.60 करोड़ टन कच्चे तेल का निर्यात किया। देश की कुल जरूरत की एक चौथाई मात्रा ईराक से पूरी होती है। इसके बाद सऊदी अरब का स्थान रहा है जहां से पहले 6 माह में 2.07 करोड़ टन आयात किया गया। इसके बाद तीसरे नंबर पर नाइजीरिया फिर संयुक्त अरब अमीरात चौथे नंबर पर और वेनेजुएला 5वें स्थान पर है। कुवैत को पीछे करते हुए अमरीका छठे स्थान पर पहुंच गया। इससे पहले ईरान से भारत को कच्चे तेल का 2018-19 में 2.39 करोड़ टन निर्यात किया गया था और वह तीसरे नंबर पर था लेकिन अमरीकी प्रतिबंध लगने के बाद वहां से भारत का तेल आयात काफी कम हो गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News