Prime Day सेल के दौरान Amazon कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन

Tuesday, Jul 16, 2019 - 06:14 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः दुनिया की दिग्गज ऑनलाइन ई-कॉमर्स कंपनी अमेजॉन पर प्राइम डे सेल से जितना सुर्खियों में है, उससे कहीं ज्यादा कंपनी को अपने कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन झेलना पड़ रहा है। अमेजॉन में पूरी दुनिया के कर्मचारी कंपनी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारी यह प्रदर्शन कंपनी की नीतियों के खिलाफ कर रहे हैं। 

अमेरिका से लेकर के ब्रिटेन और जर्मनी के अलावा कई देशों में यह विरोध प्रदर्शन इसलिए हो रहा है ताकि कंपनी कर्मचारियों के लिए जारी अपनी नीतियों में बदलाव करे। 

यह है मांग
कर्मचारियों की मांग है कि वर्किंग कंडीशन सही हो, नौकरी सुरक्षित रहे और उनको अच्छा वेतनमान मिले। अमेजॉन के वेयरहाउस और पायलट भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। इस प्रदर्शन के जरिए कर्मचारी अमेजॉन के मालिक जेफ बेजोस को यह संदेश देना चाहते हैं कि वो रोबोट नहीं है, बल्कि इंसान हैं। 

छह घंटे कार्य से रहेंगे विरक्त
अमेरिका के मिन्नेसोटा शहर के  कर्मचारी सेल के पहले दिन छह घंटे कार्य से विरक्त रहेंगे। इसके अलावा कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें पूर्ण तरीके से कंपनी का कर्मचारी माना जाए। इसके अलावा उनको मजदूरी के बजाए सैलरी पर रखा जाए। 

जर्मनी में दो दिन की हड़ताल
जर्मनी में कर्मचारी दो दिन की हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी उनकी आय पर छूट नहीं दे सकती है। प्राइम डे सेल पर कर्मचारियों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, क्योंकि उनको एक दिन में ही सामान की डिलिवरी करनी होती है। हालांकि इसके लिए कंपनी अलग से उन्हें किसी तरह का कोई आर्थिक लाभ नहीं देती है। 

jyoti choudhary

Advertising