10 रुपए के सिक्कों को लेकर लोग कंफ्यूज, जानें RBI ने क्या दिया जवाब?

Sunday, Apr 09, 2017 - 03:18 PM (IST)

नई दिल्ली: देश भर में 10 रुपए के अलग-अलग तरह के सिक्कों को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति है। भारतीय रिजर्व बैंक (आर.बी.आई.) ने स्पष्ट किया है कि कोई भी सिक्का अमान्य नहीं है और सभी सिक्के चलन में हैं। ये समय-समय पर जारी किए गए अलग-अलग डिजाइनों के सिक्के हैं।

ये सभी सिक्के हैं मान्य
बैंक का कहना है कि शेरावाली की फोटो वाला सिक्का, संसद की तस्वीर वाला सिक्का, बीच में संख्या में '10' लिखा हुआ सिक्का, होमी भाभा की तस्वीर वाला सिक्का, महात्मा गांधी की तस्वीर वाला सिक्का सहित अन्य सभी सिक्के मान्य हैं। केन्द्रीय बैंक के अनुसार इन सिक्कों को विभिन्न विशेष मौकों पर जारी किया गया है।

वैध मुद्रा लेने से इनकार किया तो बनता है राजद्रोह का मामला 
कॉरपोरेट मामलों के वकील शुजा ज़मीर ने कहा, "भारत की वैध मुद्रा को लेने से इनकार करने पर राजद्रोह का मामला बनता है और जो ऐसा करता है उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 124 (1) के तहत मामला दर्ज हो सकता है क्योंकि मुद्रा पर भारत सरकार वचन देती है। इसको लेने से इनकार करना राजद्रोह है।" राष्ट्रीय राजधानी सहित देश के कई हिस्सों में 10 रुपए के सिक्को को लेकर भ्रम की स्थिति है और कई दुकानदार और लोग इन सिक्कों को लेने से कतरा रहे हैं।

10 रुपए के सिक्कों पर अक्सर खड़ा होता है विवाद
आपको बतां दें कि 10 रुपए के सिक्कों के लेनदेन को लेकर लोगों के बीच अक्सर विवाद खड़ा हो जाता है। ज्यादातर लोगों का कहना है कि 10 पत्ती वाला वही सिक्का मान्य है जिसमें 10 का अंक नीचे की तरफ लिखा है और दूसरी तरफ शेर का अशोक स्तंभ अंकित है। केन्द्रीय बैंक के एक अधिकारी ने इस संबंध में स्पष्ट किया गया कि दस रूपये के सभी सिक्के वैध हैं।

Advertising