अकासा ने वियतनाम के लिए शुरू की विमान सेवा
punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 05:00 PM (IST)
नई दिल्लीः नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा एयर ने शुक्रवार को राजधानी हनोई के लिए उड़ान शुरू करने के साथ ही वियतनाम को अपने नेटवकर् में शामिल कर लिया है। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली उड़ान आज सुबह 5:35 बजे रवाना हुई और स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 12 बजे हनोई के नोई बाई इंटरनेशनल एयरपोटर् पर पहुंची। यह अकासा एयर का सातवां अंतरराष्ट्रीय गंतव्य है। इससे दक्षिण-पूर्व एशिया में उसकी मौजूदगी मजबूत हुई है। मुंबई हवाई अड्डे पर आयोजित कार्यक्रम में पहली उड़ान के पहले यात्रियों को विशेष बोर्डिंग पास दिए गए।
अकासा एयर के सह-संस्थापक एवं मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन और सह-संस्थापक एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष (रणनीति) भाविन जोशी भी इस अवसर पर मौजूद थे। भारत में वियतनाम के राजदूत ट्रिन्ह मिन्ह मान और वियतनाम के महावाणिज्य दूत ले क्वांग बिएन भी कार्यक्रम में शामिल हुए। एयरलाइंस के बयान में कहा गया है कि यह नई सेवा वियतनाम में भारतीय यात्रियों की बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए शुरू की गई है। लोग वहां की अनोखी संस्कृति, तरह-तरह के खाने, खूबसूरत नजारों और किफायती यात्रा अनुभवों की वजह से वहां जाना पसंद करते हैं। मुंबई से सीधी उड़ान के साथ अकासा एयर ग्राहकों को ज्यादा विकल्प और आसानी प्रदान करेगी।
