एअर इंडिया ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, साढ़े 7 घंटे तक समुद्र के ऊपर उड़ता रहा विमान

Sunday, Oct 23, 2016 - 12:29 PM (IST)

नई दिल्लीः एयर इंडिया का विमान दिल्ली से उड़ान भरकर प्रशांत मार्ग से सैन फ्रांसिस्को पहुंचा और बिना रुके दुनिया का सबसे लंबा हवाई रास्ता तय करने का रिकॉर्ड उसके नाम दर्ज हो गया। इससे पहले एयर इंडिया का विमान अटलांटिक रूट से दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को की दूरी तय करता था। बीते अगस्त में परिचालन के नियमों में किए गए बदलावों के बाद इस रास्ते से गुजरने की अनुमति दी गई है।

साढ़े 7 घंटे तक समुद्र के ऊपर उड़ता रहा विमान
प्रशांत महासागर का रास्ता अटलांटिक महासागर के रास्ते से करीब 1,400 किलोमीटर लंबा है और एअर इंडिया के विमान ने 14.5 घंटे में 15,300 किलोमीटर का सफर तय किया। विमान ने 2 घंटे कम समय में ही इस यात्रा को पूरा कर दिया। ये विमान लगातार साढ़े 7 घंटे तक समुद्र के ऊपर उड़ता रहा। 

एअर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया, 'पृथ्वी पश्चिम से पूर्व की तरफ घूमती है और हवा भी इसी दिशा में चलती है। पश्चिम की तरफ उड़ना मतलब तेज हवा का सामना करना और पूर्व की तरफ उड़ने से आसानी होती है।' अधिकारी ने आगे बताया कि अटलांटिक के रास्ते सैन फ्रांसिस्को जाते समय आमतौर पर 24 किलो/घंटा की रफ्तार से हेडविंड मिलती है, जिससे विमान देर से पहुंचता है।

उड़ान के वक्त इस विमान में 4 पायलट रजनीश शर्मा, गौतम वर्मा, एमए खान और एसएन पालेकर के अलावा 10 क्रू मेंबर्स मौजूद थे। इस नए कीर्तिमान को बनाने के बाद सभी बेहद उत्साहित हैं।

पूरी पृथ्वी का लगाया चक्कर
एअर इंडिया का ये विमान दिल्ली से प्रशांत महासागर के रास्ते सैन फ्रांसिस्को पहुंचा जबकि अटलांटिक महासागर के रास्ते वापस दिल्ली आया। इस तरह इसने पृथ्वी का पूरा चक्कर लगाया।

Advertising