Dal Price Hike: रसोई पर महंगाई की मार, चीनी-प्याज के बाद बढ़े दालों के दाम
punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 01:42 PM (IST)
नई दिल्लीः त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ने लगा है। चीनी, प्याज और खाद्य तेल जैसी रोजमर्रा की चीजों के बाद अब दालों की कीमतों ने किचन का बजट गड़बड़ा दिया है। पिछले दो दिनों में उड़द, अरहर और मसूर दाल के थोक भाव में बड़ी तेजी देखने को मिल रही है।
एक दिन में 15% से ज्यादा महंगी हुई उड़द
23 अगस्त को देश की थोक मंडियों में साबुत उड़द की कीमत में 15.29 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है। इसके बाद उड़द का औसत थोक भाव बढ़कर 10,238 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। कुछ मंडियों में इसका भाव 13,000 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया।
थोक बाजार में तेजी का असर खुदरा बाजार में भी दिखाई देने लगा है। स्थानीय बाजारों में खुली साबुत या धुली उड़द करीब 120 से 150 रुपए प्रति किलो बिक रही है। वहीं, पैकेज्ड उड़द की कीमत भी बढ़ी है। Dinesh Flour Mills की 1 किलो उड़द साबुत करीब 175 रुपए में उपलब्ध है, जबकि Tata Sampann की 500 ग्राम ऑर्गेनिक अनपॉलिश्ड उड़द करीब 116-125 रुपए में बिक रही है।
अरहर दाल के भाव भी चढ़े
उड़द के साथ अरहर दाल ने भी आम आदमी की चिंता बढ़ा दी है। 23 अगस्त को थोक मंडियों में अरहर के भाव में 19.51 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इसका औसत थोक भाव बढ़कर 9,050 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। कुछ मंडियों में कीमत 13,000 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गई।
खुदरा बाजार में खुली अरहर दाल के दाम 140-160 रुपए प्रति किलो के पार पहुंच गए हैं। वहीं, पैकेज्ड अरहर दाल की कीमत करीब 175 से 195 रुपए प्रति किलो के बीच बताई जा रही है।
मसूर दाल में सबसे बड़ा उछाल
24 अगस्त को मसूर दाल की कीमतों में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। प्रमुख थोक बाजारों में एक ही दिन में मसूर के भाव में 35.28 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया। इसके साथ मसूर का औसत थोक भाव बढ़कर 10,672 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। कुछ मंडियों में इसका भाव 12,700 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया।
इस तेजी का असर खुदरा बाजार पर भी पड़ने की आशंका है। फिलहाल खुली मसूर दाल करीब 110-130 रुपए प्रति किलो के भाव में मिल रही है, जबकि पैकेज्ड मसूर दाल की कीमत करीब 140-149 रुपए प्रति किलो के बीच है।
